पानीपत में 7 महीने के मासूम का दिनदहाड़े अपहरण, बहन को दिया कुरकुरे का लालच, हाथों से छीनकरबाइक मेंभागे

पानीपत के काला आंब क्षेत्र में 7 महीने के मासूम बच्चे का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। बदमाशों ने 7 साल की बहन की गोद से बच्चे को छीनकर पल्सर बाइक पर फरार हो गए। पुलिस ने शहर में नाकाबंदी कर CCTV खंगालने शुरू कर दिए हैं।

पानीपत में 7 महीने के मासूम का दिनदहाड़े अपहरण, बहन को दिया कुरकुरे का लालच, हाथों से छीनकरबाइक मेंभागे

काला आंब क्षेत्र में झुग्गी में रहने वाले परिवार के 7 महीने के बच्चे का अपहरण
कुरकुरे का लालच देकर बदमाशों ने 7 साल की बहन की गोद से मासूम छीना
पुलिस ने शहर में नाकाबंदी कर CCTV खंगालने शुरू किए



पानीपत के ऐतिहासिक काला आंब क्षेत्र में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले परिवार के 7 महीने के मासूम बच्चे हिमांशु का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। हैरान करने वाली बात यह है कि बदमाशों ने बच्चे को उसकी 7 वर्षीय बहन आशियाना की गोद से जबरन छीन लिया और पल्सर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार मूल रूप से राजस्थान के अलवर का रहने वाला है और फिलहाल पानीपत के काला आंब क्षेत्र के पास झुग्गियों में रह रहा था। घटना के समय बच्चे के माता-पिता पास ही एक शादी समारोह में ढोलक बजाने गए हुए थे। घर पर केवल 7 महीने का हिमांशु और उसकी 7 साल की बहन आशियाना मौजूद थे। इसी दौरान दो युवक पल्सर बाइक पर वहां पहुंचे और उन्होंने बच्ची को बहलाने की कोशिश की।

पीड़ित बच्ची आशियाना ने बताया कि बाइक सवार दोनों युवकों ने पहले उसे कुरकुरे का लालच देकर बच्चे को उनके हवाले करने के लिए कहा। जब उसने ऐसा करने से मना कर दिया तो बदमाशों ने जबरदस्ती उसकी गोद से मासूम हिमांशु को झपट लिया और तेजी से बाइक दौड़ाते हुए वहां से फरार हो गए। पूरी घटना इतनी अचानक हुई कि छोटी बच्ची कुछ समझ ही नहीं पाई और बदहवास होकर रोने लगी।

जब इस घटना की जानकारी बच्चे के माता-पिता को मिली तो वे बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। मां का रो-रोकर बुरा हाल है और वह अपने कलेजे के टुकड़े की सलामती के लिए गुहार लगा रही है। परिवार का कहना है कि वे यहां मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह अपना गुजारा कर रहे थे और उनकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं है।

घटना की सूचना मिलते ही पानीपत पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। पूरे शहर के एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर नाकाबंदी कर दी गई है। पुलिस की कई टीमें बदमाशों की तलाश में जुट गई हैं और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध पल्सर बाइक और बदमाशों के हुलिए के आधार पर जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।