पानीपत में बुलेट बाइक से फायर स्टंट, वीडियो वायरल डायल -112 के सामने आग से खेलते रहे युवक, पुलिस पर सवाल

पानीपत में दो युवकों ने बुलेट बाइक से खतरनाक फायर स्टंट किया। डायल 112 के सामने हुए इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू की।

पानीपत में बुलेट बाइक से फायर स्टंट, वीडियो वायरल डायल -112 के सामने आग से खेलते रहे युवक, पुलिस पर सवाल

पानीपत में बुलेट बाइक से खतरनाक फायर स्टंट, वीडियो वायरल
डायल 112 गाड़ी के सामने किया स्टंट, पुलिस पर भी उठे सवाल
दोनों युवकों पर केस दर्ज, जांच में जुटी पुलिस


पानीपत में सोशल मीडिया पर एक खतरनाक स्टंट का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दो युवक बुलेट बाइक के साइलेंसर से आग निकालते नजर आ रहे हैं। यह स्टंट न केवल खतरनाक था, बल्कि इसे पुलिस की मौजूदगी में अंजाम दिया गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक बाइक के साइलेंसर में पेट्रोल डालकर तेज रेस देता है, जबकि दूसरा युवक जलती हुई लकड़ी को साइलेंसर के सामने लाता है। जैसे ही गैस बाहर निकलती है, वह आग के संपर्क में आकर तेज लपटों में बदल जाती है।

हैरानी की बात यह है कि यह पूरा स्टंट डायल 112 की गाड़ी के सामने किया गया। वीडियो में पीछे एक पुलिसकर्मी भी खड़ा नजर आता है, लेकिन युवकों को रोकने की कोई कोशिश नहीं की गई।

वीडियो में युवक बुलेट बाइक का प्रमोशन करते हुए कहते हैं, “पुरानी रंजिश और बुलेट का खौफ हमेशा रहता है। अगर जमीन पर रहना है, तो बुलेट लेनी पड़ेगी।” इस बयान ने मामले को और ज्यादा गंभीर बना दिया है।

इस पूरे मामले पर शहर थाना के सिक्योरिटी एजेंट ईएएसआई कर्मबीर ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि यह स्टंट सिग्नस अस्पताल के पास विक्की मोटर्स के सामने किया गया, जहां आसपास कई दुकानें मौजूद हैं।

शिकायत के अनुसार, यह स्टंट बेहद खतरनाक था और इससे आसपास की दुकानों में आग लग सकती थी या किसी की जान भी जा सकती थी। बावजूद इसके युवक बेखौफ होकर आग से खेलते रहे।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरोपियों की पहचान कर ली है। बाइक चलाने वाले युवक की पहचान तेज कॉलोनी निवासी वंश के रूप में हुई है, जबकि आग लगाकर स्टंट करने वाले युवक की पहचान माई जी कॉलोनी निवासी समीर के रूप में हुई है।

फिलहाल पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। इस घटना ने शहर में एक बार फिर से खतरनाक स्टंट और पुलिस की भूमिका को लेकर बहस छेड़ दी है।