पानीपत में घने कोहरे का कहर: NH-44 पर 33 वाहन टकराए, 10 घायल; लंबा जाम

पानीपत में घने कोहरे के कारण NH-44 पर 33 वाहन आपस में टकरा गए, हादसे में 10 लोग घायल हुए और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

पानीपत में घने कोहरे का कहर: NH-44 पर 33 वाहन टकराए, 10 घायल;  लंबा जाम

घने कोहरे में विजिबिलिटी 5 मीटर तक सीमित, बड़ा हादसा
NH-44 पर 33 वाहन आपस में भिड़े, 10 लोग घायल
खराब ट्रक बना हादसे की वजह, डेढ़ घंटे बाद खुला रास्ता


पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले में शनिवार सुबह मौसम के अचानक बदले मिजाज ने नेशनल हाईवे-44 पर बड़ा हादसा करा दिया। दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के बाद शनिवार सुबह पूरा इलाका घने कोहरे की चादर में ढक गया, जिससे दृश्यता घटकर महज 5 मीटर रह गई। इसी शून्य विजिबिलिटी के चलते सिवाह बस स्टैंड के पास एक के बाद एक 33 वाहन आपस में टकरा गए, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया। हादसे में 4 पुरुष, 3 महिलाएं और 3 बच्चे घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत सिवाह बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी घायलों का इलाज जारी है।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीर, पुलिस व क्षतिग्रस्त वाहन।

जानकारी के अनुसार, हादसे की शुरुआत सुबह करीब 7:30 बजे हुई, जब लाहौर से दिल्ली जाने वाली लेन में एक ट्रक तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा हो गया। घना कोहरा होने के कारण पीछे से आ रहे वाहन चालकों को यह ट्रक समय रहते दिखाई नहीं दिया।

हादसे में 4 पुरुष, 3 महिलाएं और 3 बच्चे घायल हुए हैं। ये सभी सिवाह बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल में एडमिट है।

इसके बाद एक तेज रफ्तार ट्रक उस खड़े ट्रक से जा टकराया और टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे से आ रहे अन्य ट्रक भी एक-एक कर आपस में भिड़ते चले गए। कुछ ही मिनटों में यह हादसा चेन रिएक्शन में बदल गया और छोटी गाड़ियां व कारें भी दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों से टकराती रहीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुल 33 वाहन इस हादसे की चपेट में आ गए।

हादसे के बाद मौके पर खड़े क्षतिग्रस्त वाहन।

हादसे के बाद नेशनल हाईवे-44 की दिल्ली लेन पूरी तरह जाम हो गई। सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहनों का मलबा फैल गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थिति काफी बिगड़ चुकी थी।पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का काम शुरू किया और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद सुबह पौने 9 बजे एक लेन को यातायात के लिए खोला गया। इसके बाद धीरे-धीरे ट्रैफिक सामान्य किया गया और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।

मौसम में आए इस बदलाव ने लोगों को फिर से ठंड का अहसास करा दिया है। पुलिस प्रशासन ने एडवाइजरी जारी करते हुए ड्राइवरों को कोहरे के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर धीमी रफ्तार, फॉग लाइट्स और इंडिकेटर्स का उपयोग करने पर जोर दिया गया है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।