हरियाणा के छोरे के खतरनाक स्टंट्स से बनाई बॉलीवुड में पहचान: 100 फीट ऊंची टंकी से उल्टा उतरे, विद्युत जामवाल रह गए हैरान
पानीपत के करण मलिक ने खतरनाक स्टंट्स से बॉलीवुड में एंट्री की। 100 फीट ऊंची टंकी से उल्टा उतरने के स्टंट ने विद्युत जामवाल को भी हैरान कर दिया।
➤ पानीपत के हरियाणवी कबड्डी खिलाड़ी करण मलिक के खतरनाक स्टंट्स की चर्चा बॉलीवुड तक
➤ 100 फीट ऊंची टंकी से उल्टा उतरने के स्टंट ने विद्युत जामवाल को किया हैरान
➤ फिल्म ‘हदें’ से लीड एक्टर के रूप में बॉलीवुड में एंट्री
पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले के रिसालू गांव निवासी करण मलिक के खतरनाक और जानलेवा स्टंट्स ने उन्हें गांव से सीधे बॉलीवुड तक पहुंचा दिया है। 25 वर्षीय करण मलिक ने 100 फीट ऊंची पानी की टंकी से पाइप के सहारे उल्टा उतरने जैसे स्टंट कर सबको चौंका दिया। उनके ये वीडियो देखकर बॉलीवुड एक्शन स्टार विद्युत जामवाल भी हैरान रह गए।
करण मलिक मूल रूप से कबड्डी खिलाड़ी रहे हैं। खेल के दौरान ही उन्हें स्टंट करने का शौक लगा। बिना किसी ट्रेनर के उन्होंने खतरनाक स्टंट सीखना शुरू किया और सोशल मीडिया पर रील्स बनाकर डालनी शुरू की। यही पहचान धीरे-धीरे उनके लिए बॉलीवुड के दरवाजे खोलने लगी।
करण वर्ष 2015 से स्टंट कर रहे हैं। साल 2022 में इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में उनका नाम दर्ज हुआ। इसके बाद 2024 में उत्तराखंड में आयोजित रियल खिलाड़ी सीजन-7 में उन्होंने पहला स्थान हासिल किया और 7 लाख रुपए का कैश अवॉर्ड जीता। इस प्रतियोगिता में पूरे देश से चुने गए 50 युवाओं को अलग-अलग टास्क पूरे करने थे।
करण मलिक विद्युत जामवाल को अपना आदर्श और गुरु मानते हैं। उन्होंने बताया कि छोटी उम्र में यूट्यूब पर विद्युत के वीडियो देखकर ही स्टंट करना शुरू किया था। उनके अधिकतर स्टंट्स विद्युत जामवाल से प्रेरित हैं। वर्ष 2022 में विद्युत जामवाल ने करण के एक वीडियो पर कमेंट किया, जिसके बाद लगातार उनके वीडियो शेयर होने लगे और पहचान तेजी से बढ़ी।
करण का जन्म किसान परिवार में हुआ। उन्होंने पानीपत के आर्य कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है। वर्ष 2018 में वह स्टेट लेवल कबड्डी प्रतियोगिता में प्रथम रहे। खेलों से मिली फिटनेस, ताकत और मानसिक मजबूती ने उन्हें स्टंट की दुनिया में आगे बढ़ाया।
स्टंट के दौरान करण को कई बार गंभीर चोटें भी लगीं। वर्ष 2022 में बैक फ्लिप करते समय उनकी गर्दन टूटने से बची और वह कुछ देर बेहोश भी रहे। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और कुछ ही दिनों बाद फिर से अभ्यास शुरू कर दिया। वह पिछले 12 सालों से रोजाना 4 से 5 घंटे प्रैक्टिस करते हैं।
करण मलिक को अब फिल्म ‘हदें’ से लीड एक्टर के रूप में बॉलीवुड में एंट्री मिली है। फिल्म में विद्युत जामवाल, यशपाल शर्मा, उत्तर प्रदेश की मॉडल खुशी बालियान, ओलिंपियन बॉक्सर बिजेंदर समेत कई कलाकार नजर आएंगे। फिल्म में करण MMA फाइटर की भूमिका निभाते दिखाई देंगे।
करण का कहना है कि उन्हें पहले स्टंटमैन बनने के कई ऑफर मिले, लेकिन वह एक्टर बनकर ही काम करना चाहते थे। आगे चलकर वह टॉम क्रूज और जैकी चैन के साथ काम करने का सपना देखते हैं।
Akhil Mahajan