पानीपत में घर के भीतर गर्दन कटी लाश, हत्या या आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

पानीपत में 39 वर्षीय युवक की घर के भीतर गर्दन कटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। परिवार आत्महत्या का दावा कर रहा है, जबकि पुलिस और FSL टीम हत्या के एंगल से जांच कर रही है।

पानीपत में घर के भीतर गर्दन कटी लाश, हत्या या आत्महत्या,  पुलिस जांच में जुटी

• पानीपत में घर के भीतर 39 वर्षीय युवक की गर्दन कटी लाश मिलने से सनसनी
• पत्नी ने चर्च से लौटकर रोशनदान से दरवाजा खुलवाया, अंदर मिला खौफनाक मंजर
परिवार आत्महत्या, जबकि पुलिस और FSL हत्या के एंगल से कर रही जांच


हरियाणा के पानीपत जिले में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 39 वर्षीय युवक सुनील की उसके ही घर में गर्दन कटी हुई लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मामला सैनी कॉलोनी का है, जहां सुनील अकेला रह रहा था।

घटना का खुलासा उस वक्त हुआ, जब अलग रह रही पत्नी चर्च से लौटकर उससे मिलने घर पहुंची। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उसने रोशनदान के रास्ते एक बच्चे को अंदर भेजकर दरवाजे की कुंडी खुलवाई। दरवाजा खुलते ही अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए।

कमरे के फर्श पर सुनील खून से लथपथ पड़ा था। पास ही खून से सनी दरात मिली। सूचना मिलते ही ASP, CIA, पुलिस और FSL टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

मृतक के भाई अमन के अनुसार, सुनील दिहाड़ी मजदूरी करता था और शराब पीने का आदी था। पत्नी और बच्चे उससे अलग रहते थे। उस दिन पत्नी चर्च गई थी और बच्चे ननिहाल में थे। परिवार का दावा है कि न तो किसी से झगड़ा था और न ही कोई कर्ज, इसलिए यह मामला आत्महत्या का हो सकता है।

हालांकि, FSL जांच में सामने आए तथ्य इस दावे पर सवाल खड़े कर रहे हैं। जांच में पाया गया कि सुनील की गर्दन इतनी गहराई तक कटी थी कि हड्डी तक अलग हो गई, जबकि सिर के बीचों-बीच भी गहरा वार था। इसके अलावा कमरे में कपड़े और सामान बिखरा हुआ, तथा बिजली का बोर्ड टूटा हुआ मिला।

FSL प्रभारी डॉ. नीलम आर्या की टीम का मानना है कि इतनी गंभीर और क्रूर चोटें आत्महत्या में संभव नहीं लगतीं। यही वजह है कि पुलिस इस पूरे मामले को हत्या के एंगल से गंभीरता से जांच रही है।

पुलिस के अनुसार, कमरे में आने-जाने के कई संभावित रास्ते हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की हो सकती है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पत्नी सहित परिजनों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद सच्चाई साफ होगी