पानीपत में तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला परिवार, पति पत्‍नी की मौत, बच्‍चा गंभीर

पानीपत में तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रहे परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि बच्चा गंभीर रूप से घायल है।

पानीपत में तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला परिवार, पति पत्‍नी की मौत, बच्‍चा गंभीर
  • पानीपत में तेज रफ्तार ट्रक ने परिवार को कुचला
  • हादसे में पति-पत्नी की मौत, बच्चा गंभीर घायल
  • ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार

हरियाणा के पानीपत में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। यहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, एक परिवार उत्तर प्रदेश से प्राइवेट बस के जरिए पानीपत पहुंचा था। बस से उतरने के बाद परिवार के सदस्य सर्विस लाइन की ओर सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पांच लोगों के समूह में से तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि करीब 40 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई और बच्चे को भी गंभीर चोटें आईं। महिला की हालत नाजुक होने पर उसे रोहतक रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

घायल बच्चा फिलहाल अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम बच्चे का इलाज कर रही है।

हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही समालखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।