युवक का आरोप- SC जाति बताने पर कंपनी से निकाला

पानीपत में एक युवक ने टेक्सटाइल कंपनी के GM पर SC जाति बताने के बाद नौकरी से निकालने, जातिसूचक टिप्पणी करने और बहन के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।

युवक का आरोप- SC जाति बताने पर कंपनी से निकाला

पानीपत में युवक ने टेक्सटाइल कंपनी के GM पर जातिसूचक टिप्पणी का आरोप लगाया

युवक बोला- SC जाति बताने के बाद नौकरी से निकाल दिया गया

बहन के साथ कारण पूछने पहुंचा तो मारपीट और धमकी देने का आरोप

युवक ने पुलिस को बताया कि जब वह अपनी बहन को लेकर फैक्ट्री में नौकरी से निकालने का कारण जानने पहुंचा तो वहां दोनों से मारपीट की गई। - Dainik Bhaskar

हरियाणा के पानीपत में एक युवक ने नामी टेक्सटाइल कंपनी के जनरल मैनेजर (GM) पर जातिसूचक टिप्पणी कर नौकरी से निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। युवक का कहना है कि उसकी योग्यता के आधार पर कंपनी में नौकरी लगी थी, लेकिन अनुसूचित जाति (SC) से संबंध होने की जानकारी मिलने के बाद उसे काम करने से रोक दिया गया।

पीड़ित युवक रिजुल, निवासी बाबरपुर मंडी, ने इस मामले की शिकायत सेक्टर-13/17 थाना पुलिस को दी है। युवक ने कंपनी के GM, एक कर्मचारी और फैक्ट्री मालिक की मां पर जातिसूचक शब्द कहने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।

रिजुल ने बताया कि उसने सेक्टर-6 स्थित एक टेक्सटाइल कंपनी में HR विभाग की नौकरी के लिए आवेदन किया था। 12 मई को एक प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए उसे कंपनी में नियुक्त कर लिया गया। उस दिन कंपनी के GM ऑफिस में मौजूद नहीं थे, इसलिए अन्य अधिकारियों ने उसकी योग्यता और दस्तावेजों की जांच कर उसे नौकरी दे दी।

युवक के मुताबिक, उसने अगले कुछ दिनों तक पूरी ईमानदारी के साथ काम किया। 14 मई को जब वह ड्यूटी पर पहुंचा तो कंपनी के एक सीनियर कर्मचारी ने बताया कि GM ऑफिस आ चुके हैं और उन्हें अपने केबिन में बुला रहे हैं।

युवक रिजुल ने कहा कि मैंने अपनी काबलियत के दम पर नौकरी हासिल की थी, लेकिन जाति को लेकर नौकरी से निकाल दिया गया।

रिजुल का कहना है कि GM ने दोबारा उसका इंटरव्यू लिया और उसे नौकरी के लिए पूरी तरह योग्य बताया। लेकिन इंटरव्यू खत्म होने के बाद GM ने उसकी जाति पूछी। जब उसने खुद को अनुसूचित जाति से जुड़ा बताया तो GM का व्यवहार अचानक बदल गया।

युवक ने आरोप लगाया कि अगले दिन उसे ड्यूटी पर नहीं आने दिया गया। कंपनी के कर्मचारी ने कहा कि GM के आदेश पर उसे नौकरी से हटा दिया गया है।

रिजुल के अनुसार, 16 मई को वह अपनी बहन के साथ कंपनी पहुंचा और नौकरी से निकाले जाने का कारण पूछा। आरोप है कि इसी दौरान GM, कंपनी मालिक की मां और अन्य लोगों ने दोनों भाई-बहन के साथ अभद्रता की और जातिसूचक शब्द कहे। विरोध करने पर दोनों के साथ मारपीट की गई और उन्हें धक्के देकर फैक्ट्री से बाहर निकाल दिया गया।

युवक ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

घटना की शिकायत मिलने के बाद सेक्टर-13/17 थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी SI दलबीर सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भी दे दी गई है और शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।

वहीं इस मामले में कंपनी प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल सका।