पानीपत में दोस्त बने दुश्मन, युवक की मौत के बाद हत्या का केस
पानीपत में एक युवक की मौत के बाद उसके दो दोस्तों पर हत्या का आरोप लगा है। घायल हालत में कमरे पर छोड़ने के बाद PGI में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
दो दोस्तों पर युवक की हत्या का आरोप, गंभीर हालत में कमरे पर छोड़ भागे
■ सिर में चोट के बाद PGI में इलाज के दौरान हुई मौत
■ पुरानी रंजिश का शक, पुलिस ने दो नामजद आरोपियों पर केस दर्ज
हरियाणा के पानीपत शहर की विद्यानंद कॉलोनी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसमें मृतक के परिजनों ने उसके ही दो दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, युवक को गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसके कमरे पर छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कांधला निवासी रोजू ने बताया कि वह फिलहाल पानीपत की विद्यानंद कॉलोनी में किराए पर रहता है। उसका 20 वर्षीय बेटा फारूक कबाड़ी का काम करता था और कॉलोनी में ही अलग कमरे में रहता था। 14 अप्रैल की रात करीब 1:30 बजे उसके दो दोस्त दीपक और अरविंद गुर्जर उसे बाइक पर गंभीर हालत में उसके कमरे पर छोड़कर भाग गए। पड़ोसियों ने बताया कि उस समय फारूक बुरी तरह घायल था और उसके सिर पर गहरी चोट के निशान थे।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत उसे पानीपत के सिविल अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने बताया कि आरोपी युवक पहले भी उसे अस्पताल लेकर आए थे, जहां प्राथमिक इलाज के बाद सिर का सीटी स्कैन कराने की सलाह दी गई थी, लेकिन वे उसे वापस घर ले गए थे। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे रोहतक स्थित PGI रेफर कर दिया।
PGI में जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि सिर में गंभीर चोट के कारण खून जमा हो गया था। इलाज के दौरान 15 अप्रैल को फारूक ने दम तोड़ दिया।
मृतक के पिता का आरोप है कि दीपक और अरविंद गुर्जर ने पुरानी रंजिश के चलते फारूक पर हमला किया, जिससे उसकी जान चली गई। परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते सही इलाज कराया जाता, तो शायद उसकी जान बच सकती थी।
पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
shubham