निशांत की मौत पर रो रहा परिवार, लेकिन सिस्टम अब भी खामोश

राई खेल यूनिवर्सिटी में छात्र निशांत की मौत के बाद परिवार सदमे में है। गर्भवती पत्नी और तीन साल के बेटे के साथ यूनिवर्सिटी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

निशांत की मौत पर रो रहा परिवार, लेकिन सिस्टम अब भी खामोश
  • राई खेल यूनिवर्सिटी हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े किए बड़े सवाल
  • चार साल पहले हुई थी निशांत की शादी, गर्भवती पत्नी और 3 साल का बेटा बेसहारा
  • परिजनों ने छात्रों के बयानों में विरोधाभास बताकर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई

हरियाणा के सोनीपत स्थित राई खेल यूनिवर्सिटी में स्विमिंग पूल में डूबने से छात्र निशांत गौतम की मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद जहां यूनिवर्सिटी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मृतक का परिवार गहरे सदमे में है।

दिल्ली के गौतम नगर निवासी निशांत की शादी वर्ष 2022 में हुई थी। उनकी पत्नी गर्भवती हैं और उनका तीन साल का बेटा अभी इतना छोटा है कि उसे शायद यह भी समझ नहीं कि उसके पिता अब कभी वापस नहीं आएंगे। निशांत की मौत के बाद घर में मातम पसरा हुआ है और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

निशांत राई खेल यूनिवर्सिटी से क्रिकेट में एक साल का पीजी डिप्लोमा कर रहे थे। उनकी परीक्षाएं चल रही थीं। गुरुवार को उन्होंने पहला पेपर दिया था और शुक्रवार को दूसरा पेपर होना था। कोर्स पूरा होने में केवल दो महीने का समय बाकी था, लेकिन उससे पहले ही जिंदगी का सफर खत्म हो गया।

परिवार के अनुसार निशांत पढ़ाई और खेल दोनों में बेहद गंभीर थे। उनके पिता दुष्यंत दिल्ली पुलिस में उपनिरीक्षक हैं, जबकि छोटा भाई और बहन सिविल सर्विस परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। परिवार को उम्मीद थी कि निशांत खेलों में बड़ा नाम बनाएंगे, लेकिन एक हादसे ने सब कुछ बदल दिया।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक परीक्षा देने के बाद निशांत ने शाम को क्रिकेट मैच खेला था। इसके बाद रात करीब साढ़े आठ बजे वह स्विमिंग पूल पहुंचे। बताया जा रहा है कि उस समय नियमित तैराकों का सेशन समाप्त हो चुका था। इसी दौरान पूल में डूबने से उनकी मौत हो गई।

हालांकि इस पूरे मामले को लेकर अब कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि घटना के समय मौजूद छात्रों और अन्य लोगों के बयान अलग-अलग हैं। निशांत के चाचा ने मीडिया को बताया कि कुछ छात्रों ने मौके पर दो लड़के और लड़कियों के होने की बात कही, जबकि बाद में संख्या अलग बताई गई।

परिवार ने यह भी दावा किया है कि निशांत के शरीर और घुटनों पर रगड़ के निशान मिले हैं। इसी वजह से परिजनों ने पोस्टमॉर्टम की वीडियोग्राफी कराने की मांग उठाई है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

उधर यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है। कुलपति अशोक कुमार का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि यूनिवर्सिटी का स्विमिंग पूल हाल ही में शुरू किया गया था। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि हादसे के समय सुरक्षा इंतजाम क्या थे, वहां लाइफगार्ड मौजूद था या नहीं और छात्रों की निगरानी कैसे हो रही थी।