राव इंद्रजीत से खींचतान के बीच रेवाड़ी से हटाए गए राव नरबीर,अब झज्जर का संभालेंगे जिम्मा
हरियाणा सरकार ने जिला जनसंपर्क एवं कष्ट निवारण समितियों की जिम्मेदारियों में बदलाव करते हुए राव नरबीर को रेवाड़ी से हटाकर झज्जर भेज दिया है।
➤ राव इंद्रजीत-राव नरबीर खींचतान का असर, बदली गई जिम्मेदारी
➤ रेवाड़ी से हटाए गए राव नरबीर, अब झज्जर और हांसी संभालेंगे
➤ रेवाड़ी की कमान अब रणबीर गंगवा को, सरकार ने बदली सूची
हरियाणा की राजनीति में लंबे समय से चल रही राव इंद्रजीत और राव नरबीर सिंह के बीच खींचतान अब खुलकर प्रशासनिक फैसलों में भी दिखाई देने लगी है। प्रदेश सरकार ने जिला जनसंपर्क एवं कष्ट निवारण समितियों के प्रभारी मंत्रियों की सूची में बड़ा बदलाव करते हुए राव नरबीर सिंह को रेवाड़ी से हटा दिया है। अब उन्हें झज्जर और पहले की तरह हांसी जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दरअसल, सरकार ने वीरवार को जिला जनसंपर्क एवं कष्ट निवारण समितियों के प्रभारी मंत्रियों की सूची जारी की थी। उस सूची में राव नरबीर सिंह को रेवाड़ी और हांसी जिलों की जिम्मेदारी दी गई थी। लेकिन जैसे ही केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत के गृह जिले रेवाड़ी में यह फैसला सामने आया, राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गईं।
बताया जा रहा है कि रेवाड़ी में राव नरबीर की नियुक्ति को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ गया था। इसके बाद सरकार ने तुरंत संशोधित सूची जारी कर दी। नई सूची में राव नरबीर को रेवाड़ी से हटाकर झज्जर भेज दिया गया। वहीं रेवाड़ी की जिम्मेदारी अब कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा को दी गई है।
रणबीर गंगवा को पहले झज्जर और पानीपत की जिम्मेदारी दी गई थी। संशोधित आदेश के बाद अब वे रेवाड़ी और पानीपत जिलों की जिला जनसंपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की अध्यक्षता करेंगे।
मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से जारी परिपत्र के अनुसार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद गुरुग्राम और सिरसा जिलों की जिला जनसंपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठकों की अध्यक्षता करेंगे।
सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार अनिल विज को यमुनानगर, कृष्ण लाल पंवार को पंचकूला और कुरुक्षेत्र, महीपाल ढांडा को पलवल और सोनीपत, विपुल गोयल को नूंह और महेंद्रगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा डॉ. अरविंद शर्मा को हिसार और चरखी दादरी, श्याम सिंह राणा को करनाल और कैथल, कृष्ण कुमार बेदी को अंबाला और फतेहाबाद जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं श्रुति चौधरी को रोहतक, आरती सिंह राव को फरीदाबाद, राजेश नागर को भिवानी और गौरव गौतम को जींद जिले की जिला जनसंपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की अध्यक्षता सौंपी गई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि रेवाड़ी को लेकर हुए इस बदलाव ने एक बार फिर हरियाणा की दक्षिणी राजनीति में चल रही अंदरूनी खींचतान को सार्वजनिक कर दिया है।
Akhil Mahajan