किसान नेता रवि आजाद पर SC-ST व POCSO एक्ट में केस, नाबालिग के पिता ने लगाए गंभीर आरोप

भिवानी के बहल थाना में किसान नेता रवि आजाद पर SC-ST और POCSO एक्ट में मामला दर्ज हुआ। नाबालिग के पिता ने अपहरण प्रयास का आरोप लगाया, जबकि रवि आजाद ने इसे राजनीतिक षड्यंत्र बताया।

किसान नेता रवि आजाद पर SC-ST व POCSO एक्ट में केस, नाबालिग के पिता ने लगाए गंभीर आरोप

• किसान नेता रवि आजाद पर भिवानी के बहल थाना में SC-ST व POCSO एक्ट में केस दर्ज
• नाबालिग लड़की के पिता ने अपहरण प्रयास व धमकी का आरोप लगाया
• रवि आजाद बोले—यह राजनीतिक षड्यंत्र, पूर्व मंत्री को बताया जिम्मेदार



भिवानी जिले के बहल थाना में किसान नेता रवि आजाद के खिलाफ SC-ST एक्ट और POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत एक नाबालिग लड़की के पिता ने दी है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डीएसपी क्राइम अनूप कुमार ने बताया कि पिता द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर अभियोग दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच में जो सामने आएगा, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नाबालिग लड़की के पिता ने आरोप लगाया कि किसान नेता रवि आजाद ने कई बार गलत हरकत की है। उनका कहना है कि 8 दिसंबर को रवि आजाद दो–तीन साथियों के साथ आया और उनकी बेटी के अपहरण का प्रयास किया। पिता के अनुसार उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी ऐसे प्रयास हुए थे, लेकिन परिवार ने नजरअंदाज कर दिया था।

डीएसपी के समक्ष लड़की ने अपना बयान दर्ज करवाया है। परिवार का कहना है कि पुलिस ने केस दर्ज करने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

दूसरी तरफ किसान नेता रवि आजाद ने इन आरोपों को पूरी तरह राजनीतिक षड्यंत्र बताया है। रवि आजाद का कहना है कि 8 दिसंबर की रात उनकी गाड़ी साथियों के साथ गई थी और हरियावास गांव में उनकी गाड़ी की पिकअप वाहन से भिड़ंत हो गई। उनका आरोप है कि इसी विवाद के बाद पुलिस ने पिकअप ड्राइवर अनिल से दबाव में साइन करवाए और उस पर यह लिखवाया कि रवि आजाद की गाड़ी में शराब और लड़की थी।

रवि आजाद ने आरोप लगाया कि यह पूरा मामला पूर्व मंत्री जेपी दलाल द्वारा रचा गया राजनीतिक षड्यंत्र है। उनका कहना है कि जिस लड़की और उसके पिता का नाम सामने लाया जा रहा है, वे उन्हें जानते तक नहीं। उनके अनुसार वह घटना के समय लॉ की परीक्षा देने गए हुए थे।

रवि आजाद ने कहा कि वह कानून का सम्मान करते हैं और जांच में पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि यह केस उन्हें दबाने और कुचलने की साजिश के तहत दर्ज करवाया गया है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि “मैं दोषी मिल जाऊं तो चौराहे पर फांसी लटका देना।”