हरियाणा में बेटे का जन्मदिन मनाने के बाद महिला दो बच्चों संग लापता, ₹50 हजार नकदी भी गायब

रेवाड़ी के धारूहेड़ा में बेटे का जन्मदिन मनाने के बाद महिला दो बच्चों और ₹50 हजार नकदी के साथ लापता हो गई। पति ने मायके के एक युवक पर शक जताया है।

हरियाणा में बेटे का जन्मदिन मनाने के बाद महिला दो बच्चों संग लापता, ₹50 हजार नकदी भी गायब

बेटे का जन्मदिन मनाने के कुछ घंटे बाद महिला घर से लापता

दोनों बच्चों और ₹50 हजार नकदी को भी अपने साथ ले गई

पति ने मायके के एक युवक पर पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने का जताया शक

हरियाणा के रेवाड़ी जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। परिवार ने 13 जुलाई की रात बेटे का तीसरा जन्मदिन धूमधाम से मनाया, लेकिन अगले ही दिन सुबह परिवार की खुशियां चिंता में बदल गईं। परिवार के अनुसार, महिला अपने दोनों बच्चों के साथ घर से लापता हो गई।

इतना ही नहीं, घर में रखी 50 हजार रुपए की नकदी और कुछ अन्य सामान भी गायब मिला। मामले की शिकायत मिलने के बाद धारूहेड़ा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यूपी निवासी परिवार धारूहेड़ा में रह रहा था

पुलिस को दी शिकायत में मूल रूप से उत्तर प्रदेश निवासी युवक ने बताया कि उसके पिता पिछले चार-पांच वर्षों से धारूहेड़ा में रह रहे हैं। करीब दो वर्ष पहले वह भी अपनी पत्नी और बच्चों के साथ यहां आ गया था और एक ठेकेदार के पास काम करने लगा।

परिवार में उसकी एक बड़ी बेटी और तीन वर्षीय बेटा है। 13 जुलाई की रात पूरे परिवार ने बेटे का जन्मदिन मनाया था।

ठेकेदार ने दिए थे 50 हजार रुपए

पीड़ित के अनुसार, 14 जुलाई को ठेकेदार ने उसे सुरक्षित रखने के लिए 50 हजार रुपए दिए थे। उसने घर पहुंचने के बाद यह राशि अपनी पत्नी को दे दी।

इसके बाद वह अपने पिता के पास काम में हाथ बंटाने चला गया। रात करीब 11 बजे वह वापस लौटा और पूरा परिवार खाना खाने के बाद सो गया।

सुबह उठे तो पत्नी और बच्चे गायब मिले

अगली सुबह जब परिवार जागा तो पत्नी को आवाज लगाने पर कोई जवाब नहीं मिला। तलाश करने पर पता चला कि पत्नी और दोनों बच्चे घर पर नहीं हैं।

परिजनों ने आसपास खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान घर में रखी नकदी और कुछ सामान भी गायब मिला।

युवक पर पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी अपने मायके के गांव के एक युवक से फोन और सोशल मीडिया पर बातचीत करती थी।

कुछ दिन पहले इस बात का पता चलने पर उसने इसकी जानकारी महिला के परिजनों को दी थी और पत्नी का फोन भी अपने पास रख लिया था। पीड़ित का आरोप है कि उसी युवक ने उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।