हरियाणा में गैस ब्लास्ट में बेटी के बाद पिता की भी मौ*त, IGL कर्मचारियों पर FIR
रेवाड़ी के हंस नगर गैस ब्लास्ट में बेटी के बाद पिता सतबीर चौहान की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। IGL कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज हुई है और तीन लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं।
रेवाड़ी गैस ब्लास्ट में बेटी के बाद पिता सतबीर चौहान की भी इलाज के दौरान मौत
IGL कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज, गैस रिसाव और लापरवाही के आरोप
परिवार के तीन सदस्य अभी भी दिल्ली के अस्पताल में भर्ती, जांच जारी
हरियाणा के रेवाड़ी जिले के हंस नगर में हुए भीषण गैस ब्लास्ट में झुलसे पूर्व सैनिक सतबीर चौहान की भी इलाज के दौरान शनिवार को मौत हो गई। इससे पहले उनकी बेटी तन्नु ने 9 जुलाई को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया था। अब इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है।
इस बीच मॉडल टाउन थाना पुलिस ने IGL (इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड) के कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शिकायत और शुरुआती जांच के आधार पर गैस रिसाव और लापरवाही के आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
मां ने बताया- स्विच ऑन करते ही हुआ धमाका
मृतका तन्नु की मां मधु ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 जुलाई की शाम वह रसोई में बर्तन रखने गई थीं। उसी दौरान उनकी बेटी तन्नु अपने भाई आकाश की कंपनी की ड्रेस पर प्रेस करने के लिए बिजली का स्विच ऑन कर रही थी। तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरा घर आग का गोला बन गया।
हादसे में तन्नु, उसके पिता सतबीर चौहान, पड़ोसी जयभगवान, दो वर्षीय भतीजी और स्वयं मधु भी झुलस गईं। सभी घायलों को पहले ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली रेफर कर दिया गया।
'घर के बाहर आ रही थी गैस की बदबू'
मधु ने आरोप लगाया कि हादसे से कुछ समय पहले उनके पति ने घर के मुख्य गेट के पास गैस की बदबू आने की बात कही थी। उनका आरोप है कि IGL द्वारा PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) की टेस्टिंग के दौरान पाइपलाइन खुली छोड़ दी गई, जिससे घर के अंदर गैस भर गई। जैसे ही बिजली का स्विच ऑन हुआ, जोरदार विस्फोट हो गया।
उन्होंने इस पूरे हादसे के लिए IGL कर्मचारियों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने कंपनी के कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पहले भी पुलिस ने माना था गैस रिसाव की आशंका
हादसे के अगले दिन डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने प्रारंभिक जांच में PNG गैस रिसाव की आशंका जताई थी। उन्होंने कहा था कि फोरेंसिक टीम और IGL के अधिकारी मौके की जांच कर रहे हैं तथा अंतिम कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
अब IGL कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
25 नवंबर को होनी थी तन्नु की शादी
हादसे में सबसे बड़ा सदमा परिवार को बेटी तन्नु की मौत से लगा। परिवार ने उसकी शादी 25 नवंबर को तय की थी और कुछ समय पहले ही उसकी सगाई हुई थी। डॉक्टरों के अनुसार तन्नु करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गई थी, जिसके चलते इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इसके बाद शनिवार को उसके पिता सतबीर चौहान ने भी दम तोड़ दिया। वहीं जयभगवान, दो वर्षीय बच्ची और परिवार का एक अन्य सदस्य अभी भी दिल्ली के अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है।
धमाके ने उड़ा दिए दरवाजे और खिड़कियां
धमाका इतना जबरदस्त था कि घर के दरवाजे, खिड़कियां, दीवारें और उन पर लगी टाइलें तक क्षतिग्रस्त हो गईं। विस्फोट के बाद कांच के टुकड़े सामने बने मकान तक जा पहुंचे।
हालांकि घर में रखे तीन गैस सिलेंडर, फ्रिज, प्रेस और बाइक को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। इसी वजह से शुरुआत में विस्फोट के कारणों को लेकर संशय बना रहा, लेकिन अब जांच का केंद्र PNG गैस रिसाव और उसकी टेस्टिंग प्रक्रिया बन गई है।
pooja