रेणू शर्मा को अहंकारी बताने वाले टिशू प्रधान ने मांगी माफी, सामने आया माफी वाला VIDEO
सिरसा में भाजपा नेता टिशू प्रधान ने जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा को अहंकारी बताने के बाद सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली। पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी की मौजूदगी में दोनों के बीच विवाद समाप्त हो गया
जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा को अहंकारी बताने वाले बीजेपी नेता टिशू प्रधान ने मांगी माफी
वीडियो में बोले- आंटी मेरे लिए मां समान, सोशल मीडिया पोस्ट करना मेरी गलती थी
पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी की मौजूदगी में सुलझा विवाद, पार्टी को नुकसान पहुंचाने की बात भी मानी
हरियाणा के सिरसा जिले में डबवाली भाजपा जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा और भाजपा नेता सुनील उर्फ टिशू प्रधान के बीच चल रहा विवाद फिलहाल समाप्त हो गया है। जिलाध्यक्ष को सोशल मीडिया पर अहंकारी बताने वाले टिशू प्रधान ने अब सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह रेणू शर्मा को "आंटी मेरे लिए मां समान हैं" कहते हुए हाथ जोड़कर क्षमा मांगते दिखाई दे रहे हैं।
इस दौरान पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, टिशू प्रधान की पत्नी और अन्य भाजपा नेता भी मौजूद रहे। वीडियो सामने आने के बाद पार्टी के भीतर चल रही तनातनी फिलहाल शांत होती नजर आ रही है।
टिशू बोले- सोशल मीडिया पर पोस्ट डालना मेरी गलती थी
वीडियो में टिशू प्रधान ने कहा कि यह मामला मां-बेटे का विवाद था, जिसे सोशल मीडिया तक नहीं ले जाना चाहिए था। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें सीधे रेणू शर्मा से बात करनी चाहिए थी।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने इस पूरे विवाद का गलत फायदा उठाया और भ्रम फैलाया। टिशू ने दावा किया कि विवाद को लेकर जो बातें सामने आईं, उनमें सच्चाई नहीं थी। वीडियो में वह दो-तीन बार हाथ जोड़कर माफी मांगते भी दिखाई देते हैं।
रेणू शर्मा ने कहा- यह हमारा बच्चा है
डबवाली भाजपा जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा ने भी विवाद खत्म होने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि टिशू प्रधान ने अपनी गलती स्वीकार की है और पार्टी को हुए नुकसान के लिए माफी मांगी है।
रेणू शर्मा ने कहा कि "यह हमारा बच्चा है। इसने गलती मानी है और मैंने इसे माफ कर दिया है। उम्मीद है कि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी।" इसके बाद मौजूद नेताओं ने पार्टी के समर्थन में नारे लगाकर बैठक समाप्त की।
ऐसे शुरू हुआ था विवाद
करीब 15-16 दिन पहले टिशू प्रधान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा पर परिवारवाद और अहंकारी रवैये के आरोप लगाए थे। उन्होंने यहां तक मांग कर दी थी कि आगामी चुनाव में जीत सुनिश्चित करनी है तो जिलाध्यक्ष को बदला जाए।
भाजपा नेता सर्वजीत उर्फ जोती सरा ने भी सोशल मीडिया पर जिलाध्यक्ष के खिलाफ पोस्ट साझा कर उनका विरोध किया था। दोनों नेताओं का आरोप था कि संगठन में उन्हें उचित महत्व नहीं दिया जा रहा और पार्टी कार्यक्रमों में भी नहीं बुलाया जाता।
नोटिस के बाद बदला घटनाक्रम
विवाद बढ़ने पर जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा ने टिशू प्रधान और जोती सरा को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। नोटिस का जवाब देने की समय सीमा के बीच टिशू प्रधान अपनी पत्नी के साथ पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी के पास पहुंचे।
बताया गया कि वहीं से बातचीत शुरू हुई और फिर रेणू शर्मा से मुलाकात कर टिशू प्रधान ने माफी मांग ली। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।
जोती सरा की चुप्पी बरकरार
हालांकि इस पूरे विवाद में भाजपा नेता सर्वजीत उर्फ जोती सरा की ओर से अभी तक कोई माफी या नया बयान सामने नहीं आया है। उन्होंने शुक्रवार रात भी सोशल मीडिया पर एक नई पोस्ट साझा की, जिससे राजनीतिक चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं।
नगर पालिका चुनाव के बाद बढ़ी थी नाराजगी
टिशू प्रधान ने कालांवाली नगर पालिका चेयरमैन का चुनाव भाजपा प्रत्याशी के रूप में लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद से संगठन में उपेक्षा के आरोप लगाते हुए उन्होंने जिलाध्यक्ष के खिलाफ लगातार सोशल मीडिया पर बयानबाजी शुरू कर दी थी। अब सार्वजनिक माफी के साथ यह विवाद फिलहाल थम गया है।
pooja