हरियाणा की टूरिस्ट के साथ अभद्रता! ऋषिकेश पुलिस ने मारे धक्के!

ऋषिकेश में हरियाणा नंबर की कार को रोकने के बाद पुलिस और पर्यटकों के बीच विवाद का वीडियो वायरल हुआ है। मामले में अभी तक कोई आधिकारिक शिकायत सामने नहीं आई।

हरियाणा की टूरिस्ट के साथ अभद्रता! ऋषिकेश पुलिस ने मारे धक्के!
  • • ऋषिकेश में हरियाणा नंबर की कार को रोकने पर पुलिस और टूरिस्टों में विवाद
  • • वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी पर युवती को धक्का देने और अभद्रता के आरोप
  • • मामले में अभी तक न पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया, न कोई शिकायत दर्ज

उत्तराखंड के ऋषिकेश में हरियाणा के पर्यटकों से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिस और कार सवार युवक-युवतियों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। आरोप है कि बहस के दौरान एक पुलिसकर्मी ने युवती को धक्का भी दिया, जिसके बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

एक पुलिस हाथ में मोबाइल व चालान बुक लिए उसमें कुछ करता नजर आ रहा है।

वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पुलिस ने HR नंबर की एक स्विफ्ट कार को सड़क किनारे रोक रखा है। कार में सवार युवक और दो युवतियां पुलिसकर्मियों से बातचीत और बहस करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान आसपास बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जमा हो गए।

वीडियो में स्थानीय लोगों की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं। कुछ लोग आरोप लगाते सुनाई देते हैं कि कार सवार लोग वाहन के अंदर कपड़े उतारकर बैठे थे और तेज आवाज में म्यूजिक बजा रहे थे, जिससे माहौल खराब हो रहा था। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

वीडियो में एक युवक स्थानीय लोगों को सफाई देते हुए कहता सुनाई देता है कि मौसम में काफी गर्मी थी। इसके जवाब में कुछ लोग आपत्ति जताते हुए बहस करते दिखाई देते हैं। इसी दौरान पुलिसकर्मी और युवतियों के बीच भी तीखी नोकझोंक होती नजर आती है।

वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी को गुस्से में देखा जा सकता है। आरोप है कि बहस के दौरान उसने एक युवती को धक्का दिया। इसके बाद साथ मौजूद युवक पुलिसकर्मी से सवाल करता दिखाई देता है। कुछ समय के लिए मौके पर हाथापाई जैसे हालात भी बनते नजर आते हैं, हालांकि अन्य लोग बीच-बचाव करते दिखाई देते हैं।

पुलिस से झड़प के बीच टूरिस्ट स्थानीय लोगों को भी सफाई देते नजर आ रहा है।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ लगातार बढ़ती गई। कुछ स्थानीय लोग पर्यटकों के खिलाफ नाराजगी जताते दिखाई दिए, जबकि पर्यटक पुलिस और भीड़ के व्यवहार पर सवाल उठाते नजर आए।

पर्यटक युवतियों का आरोप है कि उनके साथ बिना महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी के सख्ती बरती गई। उनका कहना है कि पुलिस ने उन्हें डराने और दबाव बनाने की कोशिश की। वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार सवार युवकों का व्यवहार अनुचित था।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वायरल वीडियो कब का है। मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज होने की जानकारी सामने नहीं आई है। न ही वीडियो में दिखाई दे रहे पर्यटकों की आधिकारिक पहचान सार्वजनिक की गई है।

इस मामले में उत्तराखंड पुलिस की ओर से भी अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में वायरल वीडियो में किए जा रहे दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।