हरियाणा में डबल म*र्डर: दोस्तों ने दोस्तों की ली जान, एक को गो*ली, दूसरे का काटा ग*ला
रोहतक की फतेहपुर कॉलोनी में दोस्तों ने ही दो युवकों की हत्या कर दी। एक को गोली मारी गई, दूसरे का गला काटा गया। एफएसएल टीम मौके पर पहुंची, आरोपी फरार हैं।
➤ फतेहपुर कॉलोनी में दोस्तों ने ही दो युवकों की हत्या की
➤ एक को गोली मारी गई, दूसरे का गला काटा गया
➤ पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ मौके पर जांच शुरू की, आरोपी फरार
रोहतक। रोहतक के फतेहपुर कॉलोनी में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां दोस्तों के बीच हुई कहासुनी दो युवकों की निर्मम हत्या में बदल गई। एक युवक को गोली मार दी गई, जबकि दूसरे का गला काटकर मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान सुमित (21) पुत्र विक्की और मनीष पुत्र भूपसिंह, दोनों निवासी फतेहपुर कॉलोनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों अपने कुछ दोस्तों के साथ कॉलोनी में बैठे हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बहस बढ़ी तो एक युवक ने पिस्तौल निकालकर सुमित पर गोली चला दी, जो उसकी छाती में लगी।
गोली लगते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। वहीं गुस्से में आए दूसरे युवक विशाल और उसके साथियों ने फरसा और कुल्हाड़ी से मनीष पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। उन्होंने उसका गला, सिर और चेहरा काट दिया, जिससे मनीष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल सुमित को तुरंत पीजीआई ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक मनीष नगर निगम में वाहन चालक था। उसका कुछ समय से वीके उर्फ विक्की और उसके बेटों के साथ झगड़ा चल रहा था। पुलिस का अनुमान है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही ओल्ड सब्जी मंडी थाना पुलिस, डीएसपी दलीप सिंह और एफएसएल एक्सपर्ट डॉ. सरोज दहिया मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से खून से सने कपड़े, हथियार और खोखा बरामद किया है।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस ने छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है।
डीएसपी दलीप सिंह ने बताया कि “हमें फतेहपुर कॉलोनी में गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर दो युवकों के शव मिले। एफएसएल टीम से जांच करवाई जा रही है, और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।”
Author1