हिमाचल: शिमला के संजौली में घर पर गिरा भारी मलबा, परिवार ने भागकर बचाई जान, देर शाम तक नहीं पहुंची राहत टीम

शिमला के संजौली में पहाड़ी से भारी मलबा और पत्थर एक घर पर गिर गए। परिवार के दो युवकों ने समय रहते बाहर निकलकर जान बचाई। राहत कार्य में देरी को लेकर प्रशासन पर सवाल उठे।

हिमाचल: शिमला के संजौली में घर पर गिरा भारी मलबा, परिवार ने भागकर बचाई जान, देर शाम तक नहीं पहुंची राहत टीम
  • संजौली में घर पर भारी मलबा गिरा, बड़ा हादसा टला
  • दो युवकों ने समय रहते बाहर भागकर बचाई अपनी जान
  • प्रशासन पर राहत कार्य में देरी का आरोप, परिवार ने उठाए सुरक्षा पर सवाल

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। विशाल मार्ट के पीछे स्थित एक मकान पर अचानक भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिर गए। गनीमत रही कि घर में मौजूद दो युवक समय रहते बाहर निकल गए और उनकी जान बच गई।

जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुई। यशपाल के मकान के ऊपर अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर आ गिरे। घटना के समय परिवार के दो युवक घर के अंदर मौजूद थे। तेज आवाज सुनते ही दोनों तुरंत घर से बाहर भाग गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद इसकी सूचना प्रशासन को दे दी गई थी। इसके बावजूद देर शाम तक न तो कोई राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और न ही मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया। इससे परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है।

परिवार का कहना है कि इलाके में अभी भी भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। लगातार पहाड़ी से मलबा गिरने की आशंका के चलते घर में रहना असुरक्षित हो गया है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द मलबा हटाने और पहाड़ी को सुरक्षित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

मानसून के सक्रिय होने के बाद हिमाचल प्रदेश में लगातार भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। संजौली की इस घटना ने एक बार फिर संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि ऐसे संवेदनशील इलाकों में त्वरित राहत एवं बचाव व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में किसी बड़े जान-माल के नुकसान से इनकार नहीं किया जा सकता।