हरियाणा में AAP नेता पर हमले का खुलासा,जानें ?
सिरसा में AAP नेता सुरजीत बेगू पर हुए हमले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। बठिंडा के बदमाशों को हायर कर हमला करवाया गया था। 5 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।
सिरसा में AAP नेता सुरजीत बेगू पर हमले का पुलिस ने किया खुलासा
बठिंडा के बदमाशों को पैसों में किया गया था हायर
लोकेशन और रैकी में करीवाला के 3 युवकों ने की मदद
हरियाणा के सिरसा में आम आदमी पार्टी के नेता सुरजीत सिंह बेगू पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हमला सुनियोजित साजिश के तहत करवाया गया था। हमलावरों को पैसों के बदले हायर किया गया था, जबकि इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर अब तक 5 हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों और मुख्य साजिशकर्ता की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मास्टरमाइंड किसी दूसरे राज्य में बैठकर पूरी साजिश को अंजाम दे रहा था।
जांच में सामने आया कि पकड़े गए पांच आरोपी पंजाब के बठिंडा के रहने वाले हैं। इन्होंने पहले आप नेता की बाइक को कार से टक्कर मारी और फिर जमीन पर गिराकर डंडों से बेरहमी से हमला किया। वहीं करीवाला के तीन युवकों ने सुरजीत की लोकेशन देने और रैकी करने में मदद की थी।
पुलिस के अनुसार, करीवाला के युवकों की सूचना पर ही पंजाब से आए हमलावर मौके पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि बठिंडा के आरोपी नशे के आदी हैं और पैसों के लालच में वारदात को अंजाम देने के लिए तैयार हुए थे। हमला करने के बाद सभी आरोपी वापस पंजाब फरार हो गए थे।
जांच एजेंसियों को अब तक पकड़े गए आरोपियों का कोई बड़ा आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। पुलिस का दावा है कि यह उनकी पहली बड़ी आपराधिक वारदात थी। फिलहाल पुलिस बाकी आरोपियों और मुख्य मास्टरमाइंड की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि आखिर आप नेता पर हमला क्यों करवाया गया। अभी तक हमले के पीछे की असली रंजिश या वजह सामने नहीं आई है।
घटना 21 अप्रैल की रात की है। आप नेता सुरजीत सिंह बेगू सिरसा से अपने गांव शाहपुर बेगू लौट रहे थे। रात करीब 9 बजे नोहर रोड पर ऑल्टो कार सवार बदमाशों ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सुरजीत सड़क के दूसरी तरफ जा गिरे।
इसके बाद हमलावरों ने उन्हें उठने तक का मौका नहीं दिया और लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें आरोपी लगातार हमला करते दिखाई दिए। सुरजीत दर्द से कराहते रहे, लेकिन मौके पर मौजूद लोग पहले सहमे रहे।
बाद में सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों की भीड़ जुटने लगी, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हमले में सुरजीत का पैर फ्रैक्चर हो गया था। उनका ऑपरेशन किया गया और फिलहाल उनका इलाज जारी है।
pooja