सोनीपत में खरखौदा कोर्ट के बाहर युवक की गोलियों से भूना, फिल्मी अंदाज में युवक की गाड़ी को टक्कर मारकर उसे रोका
सोनीपत के खरखौदा कोर्ट के बाहर पेशी पर आए युवक नीरज उर्फ कातिया की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है।
- सोनीपत कोर्ट के बाहर युवक की गोलियां मारकर हत्या
- पेशी से लौटते समय बदमाशों ने गाड़ी को टक्कर मारकर रोका
- सिर और मुंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौके पर उतारा मौत के घाट
हरियाणा के सोनीपत जिले में शनिवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। खरखौदा कोर्ट के बाहर पेशी पर आए एक युवक की बदमाशों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी। वारदात को इतने सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।
मृतक की पहचान झज्जर जिले के दूबलधन गांव निवासी नीरज उर्फ कातिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नीरज फिलहाल गुरुग्राम सेक्टर-37C में रह रहा था और शनिवार को एक केस की पेशी के सिलसिले में खरखौदा कोर्ट आया था।
पुलिस के अनुसार, नीरज की पत्नी नीतू ने वर्ष 2019 में उसके खिलाफ घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना और मारपीट का मामला दर्ज कराया था। इसी केस की सुनवाई के लिए वह कोर्ट पहुंचा था। पेशी खत्म होने के बाद जैसे ही वह अपनी गाड़ी में सवार होकर कोर्ट परिसर से बाहर निकला, तभी पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, SDM ऑफिस के पास एक ब्रेजा कार में सवार होकर आए 3 से 4 हमलावरों ने पहले नीरज की गाड़ी को जोरदार टक्कर मारकर रोका। इसके बाद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमले में नीरज के सिर और मुंह पर कई गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोलियों की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमला इतना तेज और अचानक था कि लोग संभल भी नहीं पाए और हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश और आपसी विवाद से जुड़ा माना जा रहा है। जिस तरह से आरोपियों ने पूरी योजना बनाकर हमला किया, उससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी। फिलहाल पुलिस विभिन्न एंगल से जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी कर रही है।
Akhil Mahajan