हरियाणामें सेनेटरी इंस्पेक्टर को दौड़ाकर पीटने के मामल में बड़ी कार्रवाई, 30 सफाईकर्मियों पर FIR दर्ज
सोनीपत में निगम अधिकारी को दौड़ा-दौड़ा कर पीटने के मामले में दो FIR दर्ज। महिला सफाई कर्मचारियों ने भी शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच में लगी है।
➤ दो अलग-अलग FIR दर्ज, महिला कर्मचारियों ने भी शिकायत दी
➤ पुलिस मामले की जांच में लगी, अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं
सोनीपत में नगर निगम के अधिकारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटने के मामले में नगर निगम और पीडब्ल्यूडी विभाग की शिकायत पर 30 सफाईकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दो अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं, जबकि महिला सफाई कर्मचारियों ने भी गाली-गलौज और जाति सूचक शब्दों का आरोप लगाते हुए सिविल लाइन थाना में शिकायत दी है।
मामला उस समय बढ़ा जब निगम के मुख्य गेट पर धरना दे रहे ठेका सफाई कर्मचारियों ने अधिकारियों और ठेकेदारों पर हमला किया। अधिकारी भीड़ से बचने के लिए पीडब्ल्यूडी कार्यालय में घुस गए, लेकिन प्रदर्शनकारी उनका पीछा कर वहां भी पहुंच गए। कार्यालय के चौकीदार पर भी हमला हुआ और गेट के शीशे तोड़ दिए गए।
नगर निगम के चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर साहब सिंह, इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार, कृष्ण कुमार, सुंदर और जोगेंद्र ने सिविल लाइन थाना में शिकायत की। FIR में ठेका सफाई कर्मचारी प्रधान मुकेश टांक, मुकेश कर्मा, राहुल, सावन और युधिष्ठिर समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पीडब्ल्यूडी विभाग के एसडीओ राकेश कुमार की शिकायत पर 25 से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ तोड़फोड़ का मामला दर्ज किया गया।
ठेका सफाई कर्मचारियों का कहना है कि अधिकारियों ने धरने पर मौजूद कर्मचारियों से गाली-गलौज और अभद्रता की, जिसमें महिलाएं भी शामिल थीं। यूनियन के प्रधान मुकेश टांक का आरोप है कि महिलाओं के साथ बदतमीजी के कारण कर्मचारियों का गुस्सा भड़क गया और अधिकारियों व ठेकेदारों को दौड़ा लिया गया।
सीसीटीवी फुटेज में यह घटना कैद हुई है, जिसमें निगम कर्मचारी के पीछे दौड़ते हुए सफाईकर्मी दिखाई दे रहे हैं। निगम के कमिश्नर हर्षित कुमार ने बताया कि रात में निरीक्षक चेकिंग करने गए थे और गैरहाजिर कर्मचारियों पर कार्रवाई की योजना बनाई गई थी। इसके बाद कर्मचारियों ने धरने के दौरान हमला किया।
महिला सफाई कर्मचारियों ने भी सिविल अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवाने के बाद सेनेटरी इंस्पेक्टर साहब सिंह, सत्येंद्र, कृष्ण, ठेकेदार सोनू सिहाग और जतिन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। अभी तक इस पर कोई FIR दर्ज नहीं हुई।
पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच चल रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan