हरियाणा के दो युवक स्टडी वीजा पर रूस गए थे, अब यूक्रेन युद्ध में फंसे
फतेहाबाद के कुम्हारिया गांव के दो युवक पढ़ाई के लिए रूस गए थे लेकिन अब यूक्रेन युद्ध में फंस गए हैं। रशियन आर्मी जॉब का लालच देकर उन्हें धोखे से भर्ती कर लिया गया। परिजन डीसी से मदद की गुहार लगा रहे हैं।
-
फतेहाबाद के कुम्हारिया गांव के दो युवक स्टडी वीजा पर रूस गए थे, अब यूक्रेन युद्ध में फंसे
-
युवकों को रशियन आर्मी में नौकरी का लालच देकर ले जाया गया, परिवारों को वाट्सएप कॉल पर गुहार
-
परिजनों ने डीसी से मुलाकात कर मदद मांगी, युवकों की जिंदगी पर मंडरा रहा खतरा
हरियाणा के फतेहाबाद जिले के कुम्हारिया गांव के दो युवकों की जिंदगी पर बड़ा संकट आ गया है। गांव के रहने वाले अंकित जांगड़ा (23 वर्ष) और विजय पूनिया (25 वर्ष) स्टडी वीजा लेकर पढ़ाई के लिए रूस गए थे, लेकिन अब दोनों यूक्रेन के युद्ध क्षेत्र में फंस गए हैं।
परिवारों का कहना है कि दोनों युवकों को एक महिला ने रशियन आर्मी में नौकरी का लालच देकर अपने जाल में फंसा लिया। उन्हें बताया गया कि 15 दिन की ट्रेनिंग के बाद 20 लाख रुपये और हर महीने डेढ़ से दो लाख रुपये सैलरी मिलेगी। लेकिन अब उन्हें जबरन यूक्रेन युद्ध में भेजने की तैयारी की जा रही है।
परिजनों को युवकों ने वाट्सएप कॉल पर रोते हुए कहा – “हम बहुत मुश्किल में फंस गए हैं, हमें बचा लो। हमारे पास सिर्फ एक-दो दिन बचे हैं, इसके बाद हमें युद्ध में भेज दिया जाएगा।”
दोनों के परिवारों की चिंता अब चरम पर है। परिजनों ने डीसी कार्यालय पहुंचकर गुहार लगाई कि उनके बेटों को किसी भी तरह सुरक्षित वापस लाया जाए। ग्रामीण भी लघु सचिवालय पहुंचकर प्रशासन से मदद की मांग कर रहे हैं।
अंकित का भाई रघुवीर जांगड़ा ने बताया कि अंकित ने एमएसएलयू कॉलेज, मॉस्को में लेंग्वेज कोर्स में दाखिला लिया था। वहीं विजय भी इसी तरह वीजा पर गया था। अब सूचना मिल रही है कि दोनों को यूक्रेन के सोलीडेव इलाके के जंगलों में रखा गया है और अगले कुछ दिनों में उन्हें मोर्चे पर भेजा जा सकता है।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि गांव के ही एक युवक ने जॉब दिलाने वाली महिला से संपर्क किया था, जिसके बाद महिला ने झूठ फैलाया कि अंकित और विजय की मौत हो चुकी है। कुछ दिन पहले यह संदेश देने के बाद उस महिला ने नंबर भी ब्लॉक कर दिया।
फिलहाल परिवार सरकार और प्रशासन से अपील कर रहा है कि उनके बेटों को जल्द से जल्द युद्ध क्षेत्र से सुरक्षित बाहर निकाला जाए।
Akhil Mahajan