हरियाणा में सड़क हादसे में सब इंस्पेक्टर की मौत

कैथल के जाखोली-किछाना कुई मार्ग पर सड़क हादसे में राजौंद थाना के सब इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हुई। पुलिस जांच में जुटी है।

हरियाणा में  सड़क हादसे में सब इंस्पेक्टर की मौत

➤ कैथल में सड़क हादसे में सब इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार की मौत
➤ ट्रक की तेज रफ्तार टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
➤ 15 दिन पहले राजौंद थाना में हुआ था ट्रांसफर


कैथल जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसमें सब इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार की मौत हो गई। कृष्ण कुमार राजौंद थाना में तैनात थे और मंगलवार सुबह लगभग 9:30 बजे वे कोर्ट संबंधी कार्यों के लिए कैथल आए थे। दिनभर काम निपटाने के बाद देर रात वे वापस राजौंद लौट रहे थे।

जब उनकी कार गांव जाखोली और किछाना कुई के बीच पहुंची तो सामने से आ रहे एक ट्रक ड्राइवर ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में सब इंस्पेक्टर को नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में क्षतिग्रस्त कार की तस्वीरें देखकर टक्कर की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

15 दिन पहले हुआ था ट्रांसफर

राजौंद थाना एसएचओ राजकुमार ने बताया कि कृष्ण कुमार पहले इकोनामिक सेल में कार्यरत थे। मात्र 15 दिन पहले ही उनका ट्रांसफर राजौंद थाना में हुआ था। सब इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार के परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। बड़े बेटे और बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि छोटा बेटा अभी अविवाहित है।

हादसा तितरम थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।