Video: माथे पर चंदन, अंतःकरण में ‘जय महाकाल’, भस्म आरती में डूबे विराट कोहली

न्यूजीलैंड के खिलाफ निर्णायक वनडे से पहले विराट कोहली ने उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में भाग लिया। कुलदीप यादव और कोच टी दिलीप भी साथ रहे।

Video: माथे पर चंदन, अंतःकरण में ‘जय महाकाल’, भस्म आरती में डूबे विराट कोहली
  • विराट कोहली ने कुलदीप यादव के साथ उज्जैन में किए महाकाल दर्शन
  • सुबह 4 बजे भस्म आरती में शामिल होकर नंदी हॉल में की साधना
  • न्यूजीलैंड के खिलाफ निर्णायक वनडे से पहले दिखा आध्यात्मिक रंग


भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ निर्णायक वनडे मैच से पहले उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। उनके साथ भारतीय टीम के स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव और टीम इंडिया के फील्डिंग कोच टी दिलीप भी मौजूद रहे।

दोनों खिलाड़ी शनिवार सुबह करीब 4 बजे महाकाल मंदिर पहुंचे और भस्म आरती में शामिल हुए। मंदिर परिसर में उन्होंने लगभग दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर आरती के दर्शन किए। इस दौरान पुजारियों ने उनके माथे पर चंदन का तिलक लगाया और विधिवत पूजा कराई।

समाचार एजेंसी द्वारा साझा किए गए वीडियो में विराट कोहली और कुलदीप यादव को मंदिर में पूजा करते हुए देखा गया। मंदिर से बाहर निकलते समय सुरक्षा कर्मियों और पुजारियों ने विराट को घेरा हुआ था। एक रिपोर्टर के अभिवादन पर विराट ने ‘जय श्री महाकाल’ कहकर प्रतिक्रिया दी।

कुलदीप यादव ने बताया कि महाकाल मंदिर आकर उन्हें अत्यंत शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ। उन्होंने प्रार्थना की कि वे क्रिकेट और जीवन दोनों में अच्छा प्रदर्शन कर सकें।

गौरतलब है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज 1-1 की बराबरी पर है। दोनों टीमें 18 जनवरी को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले जाने वाले तीसरे और अंतिम वनडे में आमने-सामने होंगी। इस अहम मुकाबले से पहले विराट कोहली का यह आध्यात्मिक दौरा खास चर्चा में है।