दिवाली से पहले बाजार में आग, 10 से ज्यादा खोखे राख
यमुनानगर के प्रतापनगर इलाके में शनिवार देर रात दिवाली बाजार में आग लग गई। 10 से अधिक खोखे जलकर राख हो गए। दमकल ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लाखों का नुकसान हुआ। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
➤ यमुनानगर में दीवाली से पहले आग की घटना से मचा हड़कंप
➤ प्रतापनगर में देर रात 10 से ज्यादा खोखे जलकर राख
➤ दमकल विभाग ने मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
यमुनानगर में दिवाली से ठीक पहले एक बड़ा हादसा हो गया। शनिवार देर रात प्रतापनगर इलाके में सजी दुकानों में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दीवाली की तैयारी में मिठाई, सजावट और पूजा सामग्री बेचने के लिए लगाए गए 10 से अधिक खोखे पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में लपटें आसमान तक पहुंच गईं।
प्रतापनगर के पास स्थित ये दुकानें रात करीब दो बजे आग की चपेट में आईं। आग की लपटें देख आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय निवासी महेंद्र सिंह ने बताया कि रात के समय सड़क से शोर सुनाई दिया तो जब बाहर देखा तो कई खोखों में आग लगी हुई थी। लोग अपने स्तर पर पानी और बाल्टियों से आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन लपटें तेज होने के कारण किसी से काबू नहीं हुआ।
डायल-112 की टीम को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक खोखों में रखा सारा सामान जल चुका था। आग इतनी भयानक थी कि आसपास की दीवारें और बिजली के खंभे तक गर्मी से झुलस गए।
लाखों का नुकसान, कारण अस्पष्ट
दुकानदारों का कहना है कि इस आग में लाखों रुपए का नुकसान हुआ। कई दुकानों में पटाखे, मिठाई और सजावट की वस्तुएं रखी थीं, जो पूरी तरह नष्ट हो गईं। प्रतापनगर थाना प्रभारी नरसिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट और शरारती तत्वों की भूमिका दोनों पर शक जताया जा रहा है। फिलहाल इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
स्थानीय लोग बोले – सुरक्षा इंतजाम कमजोर
स्थानीय लोगों ने बताया कि त्योहार के समय बाजार में भीड़ बढ़ जाती है, लेकिन बिजली के अस्थाई कनेक्शन और तारों की लापरवाही से हादसे का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए फायर सेफ्टी और निगरानी बढ़ाई जाए।
Author1