लड़की को लेकर खूनी संघर्ष, 15 घायल, नाबालिग के प्राइवेट पार्ट पर लगी गोली,
हरियाणा के यमुनानगर के जठलाना गांव में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ। गोलियां चलीं और 15 लोग घायल हो गए, जिनमें महिला और नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने 17 लोगों को नामजद कर जांच शुरू की।
➤जठलाना गांव में आपसी रंजिश पर खूनी संघर्ष, 15 लोग घायल
➤गोलियों और गंडासियों से हमला, महिला और नाबालिग को भी लगी गोली
➤चार थानों की पुलिस व सीआईए की टीमें गांव में तैनात, 17 नामजद
हरियाणा के जठलाना गांव में शनिवार देर रात आपसी पुरानी रंजिश ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दोनों पक्षों में लाठी-डंडों, गंडासियों और गोलियों से भिड़ंत हुई, जिसमें कुल 15 लोग घायल हो गए। इनमें एक महिला और 17 वर्षीय नाबालिग सहित तीन को गोली लगी। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया, जबकि बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
वारदात की सूचना मिलते ही चार थानों (जठलाना, रादौर, सदर, फर्कपुर) की पुलिस के साथ सीआईए-1 और सीआईए-2 की टीमें मौके पर पहुंचीं। गांव में तलाशी अभियान चलाकर 17 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
पीड़ित पक्ष के तसव्वुर ने पुलिस को बताया कि रात करीब 10:30 बजे वह परिवार के साथ बैठक में बैठा था, तभी पड़ोसी कालू के घर से आवाज आई कि वे अपनी बेइज्जती का बदला लेंगे। इसके बाद फरमान, सलमान, इकराम, मेहरबान, हारुण समेत 15-20 लोग हथियारों के साथ उनके घर में घुस आए।
बाजिल और लालू के पास देसी कट्टे, जबकि अन्य के हाथ में डंडे और कुल्हाड़ियां थीं। फरमान ने तसव्वुर के भाई भूरा के पेट में गोली मारी, बाजिल ने उसकी भाभी महमूदा को गोली मारी और सोहिल (17) के प्राइवेट पार्ट पर गोली दाग दी।
जहीर और शमीम ने कुल्हाड़ी से तसव्वुर पर हमला किया। इसके चलते पूरा परिवार खून से लथपथ हो गया।
तसव्वुर के मुताबिक, आरोपी फरमान ने पहले उसकी चाचा की बेटी के साथ गलत काम किया था। मामला दर्ज होने पर फरमान जेल गया। बाद में पंचायत में समझौता हुआ, लेकिन फरमान के परिवार ने वकील फीस देते समय वीडियो बना ली और जेल से छूटने के बाद उसे वायरल कर बदनामी फैला दी। इसी विवाद के चलते झगड़ा हुआ।
वहीं, फरमान पक्ष का कहना है कि हमला हारुण पक्ष ने किया और उनके भी कई लोग घायल हुए हैं।
गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि पुलिस ने गांव को घेरकर तलाशी ली। घरों से लाठियां बरामद की गईं और सड़कों पर ईंट-पत्थर बिखरे मिले। पुलिस रातभर गांव में तैनात रही।
थाना प्रभारी संदीप ने बताया कि तसव्वुर की शिकायत पर 17 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिनमें फरमान, सलमान, इकराम, मेहरबान, हारुण, सारुण, बाजिल, जहीर, साबिर, लालू, मुकर्रम, शमीम, गुलफाम, वाजिद, इरशाद और नौशाद शामिल हैं। मामले की जांच जारी है।
Akhil Mahajan