हरियाणा में लूट: बुलेट सवार बदमाशों ने ज्वेलर से छीना कैश बैग, फायरिंग कर फरार

यमुनानगर के रादौर में दुकान बंद कर रहे ज्वेलर पर हमला कर बदमाश नकदी से भरा बैग लूट ले गए। वारदात के बाद फायरिंग कर आरोपी फरार हो गए, पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है।

हरियाणा में लूट: बुलेट सवार बदमाशों ने ज्वेलर से छीना कैश बैग, फायरिंग कर फरार

यमुनानगर के रादौर में ज्वेलर से लाखों की लूट

बुलेट सवार बदमाशों ने पिस्टल की बट से हमला कर छीना कैश बैग

फायरिंग कर फरार हुए आरोपी, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस


हरियाणा के यमुनानगर जिले के रादौर कस्बे में शनिवार रात बेखौफ बदमाशों ने एक ज्वेलर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश बुलेट मोटरसाइकिल पर आए और दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे ज्वेलर पर हमला कर नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना के दौरान बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की।

घटना के बाद दुकान के बाहर जमा भीड़।

जानकारी के अनुसार, शाकुंभरी ज्वेलर्स के संचालक अमित कुमार शनिवार रात अपनी दुकान बंद कर शटर लगा रहे थे। जैसे ही उन्होंने नकदी से भरा बैग उठाया, पहले से घात लगाए तीन नकाबपोश बदमाश उनके पास पहुंचे। एक बदमाश ने पिस्टल की बट से उनके सिर पर वार कर दिया, जबकि दूसरे ने उनके हाथ से कैश से भरा बैग छीन लिया। तीसरा आरोपी आसपास नजर रखता रहा ताकि कोई उनका पीछा न कर सके।

घटना के बारे में बताते ज्वेलर अमित कुमार।

वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी बुलेट पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। भागते समय उन्होंने एक राउंड फायर भी किया, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग बाहर निकल आए, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही रादौर थाना पुलिस और CIA की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल लूटी गई रकम का सटीक आंकड़ा सामने नहीं आया है।

यमुनानगर के रादौर में ज्वेलर से पूछताछ करते पुलिस अधिकारी।

पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाश पहले से रेकी कर रहे थे और उन्हें दुकान बंद होने के समय की पूरी जानकारी थी। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।