नशे में धुत SPO की ताबड़तोड़ फायरिंग, बुजुर्ग महिला को लगी गोली; पड़ोसी युवक था निशाने पर
सोनीपत के अशोक विहार में कथित तौर पर शराब के नशे में SPO द्वारा की गई फायरिंग में 65 वर्षीय महिला घायल हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
➤ सोनीपत में शराब के नशे में SPO पर फायरिंग का आरोप
➤ पड़ोसी युवक को निशाना बनाया, 65 वर्षीय महिला के पैर में लगी गोली
➤ परिजनों का दावा- आरोपी पहले भी दे चुका है जान से मारने की धमकी
हरियाणा के सोनीपत शहर के अशोक विहार इलाके में शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) पर शराब के नशे में अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग करने का आरोप लगा। आरोप है कि पहले तीन हवाई फायर किए गए और उसके बाद पड़ोसी युवक पर दो गोलियां चलाई गईं। युवक तो बाल-बाल बच गया, लेकिन उसी दौरान गली से गुजर रही 65 वर्षीय महिला गोली लगने से घायल हो गई। घायल महिला का अस्पताल में उपचार जारी है।
परिजनों के अनुसार घटना शनिवार करीब 3:30 बजे की है। अशोक विहार गली नंबर-7 निवासी विक्रम, जो पुलिस विभाग में SPO के रूप में कार्यरत बताया जा रहा है, कथित तौर पर शराब के नशे में था। इसी दौरान पड़ोसी यश उर्फ इशु अपनी मां के साथ बाइक पर वहां से गुजर रहा था। आरोप है कि विक्रम ने पहले हवाई फायर किए और फिर यश को निशाना बनाकर दो गोलियां चला दीं।
बताया जा रहा है कि गोली यश को नहीं लगी, बल्कि वहां से गुजर रही मूर्ति देवी (65) के पैर में जा लगी। गोली लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी करीब एक सप्ताह पहले भी यश को जान से मारने की धमकी दे चुका था। इतना ही नहीं, उन्होंने वर्ष 2007 की एक पुरानी घटना का भी जिक्र किया, जिसमें आरोपी पर यश के ताऊ पर गोली चलाने का आरोप लगाया गया था। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी विक्रम सोनीपत पुलिस में SPO के पद पर कार्यरत है, जबकि उसका पिता हरियाणा पुलिस से सेवानिवृत्त कर्मचारी है। पुलिस आरोपी के सर्विस रिकॉर्ड सहित पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
Akhil Mahajan