हरियाणा सरकार का बड़ा एक्शन, यमुनानगर के असिस्टेंट माइनिंग इंजीनियर राजेश कुमार सस्पेंड
हरियाणा सरकार ने यमुनानगर के असिस्टेंट माइनिंग इंजीनियर राजेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जांच अवधि में उनका मुख्यालय पंचकूला रहेगा।
➤ यमुनानगर के असिस्टेंट माइनिंग इंजीनियर राजेश कुमार तत्काल प्रभाव से निलंबित
➤ निलंबन अवधि में पंचकूला स्थित महानिदेशक कार्यालय रहेगा मुख्यालय
➤ सरकार ने आदेश जारी किया, निलंबन का कारण फिलहाल सार्वजनिक नहीं
हरियाणा सरकार ने यमुनानगर में तैनात असिस्टेंट माइनिंग इंजीनियर राजेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। खान एवं भू-विज्ञान विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी आदेश में हरियाणा सिविल सेवा (दंड एवं अपील) नियम, 2016 के नियम 5(1) के तहत यह कार्रवाई की गई है। हालांकि आदेश में निलंबन का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है।
सरकार की ओर से जारी आदेश के बाद विभाग में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। निलंबन के पीछे की वजह सामने नहीं आने से अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न संभावनाओं पर चर्चा कर रहे हैं। हालांकि विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई खनन गतिविधियों से जुड़े किसी मामले से संबंधित हो सकती है। हालांकि अभी तक सरकार या विभाग की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में निलंबन के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
सरकारी आदेश के मुताबिक निलंबन अवधि के दौरान राजेश कुमार का मुख्यालय पंचकूला स्थित खान एवं भू-विज्ञान विभाग के महानिदेशक कार्यालय में रहेगा। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता (Subsistence Allowance) दिया जाएगा।
यह आदेश खनन एवं भू-विज्ञान विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव सी. जी. रजिनी कांथन (IAS) द्वारा जारी किए गए हैं। विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई और जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर साफ होने की संभावना है।
Akhil Mahajan