यमुनानगर में चाकू की नोक पर लूट, CCTV में कैद वारदात बाइक अड़ाकर साइकिल सवार से 40 सेकेंड में लूटपाट
यमुनानगर के फरकपुर क्षेत्र में चाकू की नोक पर हुई लूट की वारदात CCTV में कैद हुई है। 40 सेकेंड में बदमाश 11,800 रुपए और मोबाइल लूटकर फरार हो गए, 9 दिन बाद भी पुलिस आरोपी नहीं पकड़ पाई।
■ यमुनानगर में चाकू की नोक पर लूट, CCTV में कैद वारदात
■ 40 सेकेंड में बदमाशों ने छीने 11,800 रुपए और मोबाइल
■ 9 दिन बाद भी आरोपी फरार, पुलिस के हाथ खाली
यमुनानगर के फरकपुर थाना क्षेत्र में चाकू की नोक पर हुई लूट की वारदात ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 25 मार्च की तड़के हुई इस घटना को 9 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक आरोपियों को पकड़ नहीं पाई है। इस बीच सामने आए CCTV फुटेज ने घटना की पूरी सच्चाई उजागर कर दी है, जिसमें तीन बदमाश बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं।
फुटेज में साफ दिखाई देता है कि तीन युवक बाइक पर आते हैं और साइकिल सवार के आगे बाइक अड़ाकर उसे रोक लेते हैं। दो बदमाश तुरंत नीचे उतरते हैं और साइकिल सवार को चाकू दिखाकर धमकाते हैं, जबकि तीसरा युवक बाइक को मोड़कर खड़ा रहता है। इस दौरान घबराहट में साइकिल सवार की साइकिल गिर जाती है और बदमाश महज 40 सेकेंड के भीतर पूरी लूट को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं।
पीड़ित की पहचान वार्ड नंबर-18 निवासी सब्जी विक्रेता बेच्चु गुप्ता के रूप में हुई है। वह रोज की तरह तड़के करीब 3 बजे साइकिल से मंडी जा रहा था। जब वह दुर्गा मंदिर से भगवती के बीच पहुंचा, तभी तीन नकाबपोश युवक बाइक पर सवार होकर आए और उसे रोक लिया। बदमाशों ने पहले पैसे मांगे, लेकिन मना करने पर उसके पेट पर चाकू रख दिया, जिससे डरकर उसने पैसे दे दिए।
आरोपियों ने पीड़ित से करीब 11,800 रुपए नकद और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना फरकपुर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। जांच की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर जगतार सिंह को सौंपी गई है।
हालांकि, घटना के 9 दिन बाद भी पुलिस किसी भी आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है। इससे पीड़ित और स्थानीय लोगों में डर और नाराजगी का माहौल है। पीड़ित का कहना है कि वह अभी भी इस घटना से सदमे में है और चाहता है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर उसका लूटा हुआ सामान बरामद किया जाए। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
shubham