कमरे में सोए पति-पत्नी और बच्चे की मौ*त, बेड पर मिलीं ला*शें
मुजेसर में बंद कमरे में अलाव जलाकर सोने से दंपती और उनके 5 साल के बेटे की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस जांच जारी।
-फरीदाबाद में दंपती और 5 साल के बेटे की दम घुटने से मौत
-ठंड से बचने के लिए बंद कमरे में जलाया था अलाव
-सुबह दरवाजा न खुलने पर पुलिस ने तोड़कर निकाले शव
हरियाणा के फरीदाबाद में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में दंपती और उनके 5 साल के बेटे की दम घुटने से मौत हो गई। यह घटना मुजेसर थाना क्षेत्र के सरूरपुर गांव की है, जहां किराए के कमरे में रह रहे परिवार ने ठंड से बचने के लिए कमरे के अंदर अलाव जलाकर सोने का फैसला किया। बंद कमरे में धुआं भरने से तीनों की जान चली गई।
मृतकों की पहचान रमेश (22), उसकी पत्नी ममता (27) और बेटे छोटू (5) के रूप में हुई है। बताया गया कि ये परिवार बिहार के बक्सर जिले का रहने वाला था और रोजगार के सिलसिले में फरीदाबाद में रह रहा था। ममता की यह दूसरी शादी थी, जो करीब 8 महीने पहले रमेश से हुई थी।
मंगलवार सुबह जब परिवार का कोई सदस्य कमरे से बाहर नहीं निकला, तो पड़ोसियों को शक हुआ। इसी दौरान गांव से किसी परिजन का फोन लगातार कमरे के अंदर बजता रहा, लेकिन कोई कॉल रिसीव नहीं हुई। फोन की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने दरवाजा खटखटाया और आवाजें दीं, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा। अंदर तीनों के शव बेड पर पड़े मिले। तत्काल उन्हें अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण दम घुटना बताया गया है।
पुलिस जांच में कमरे से अलाव जलाने का बर्तन भी बरामद हुआ है। पड़ोसियों ने बताया कि सोमवार रात परिवार ने खाना खाया था और सभी सामान्य स्थिति में सोने गए थे। किसी को अंदेशा नहीं था कि यह उनकी आखिरी रात होगी।
मुजेसर थाना प्रभारी पूरन सिंह ने बताया कि शवों को सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
Akhil Mahajan