हरियाणा में भाजपा पार्षद और कांग्रेस नेता आमने-सामने, विधायक को ‘निपटाने’ वाले बयान पर बवाल
हरियाणा के 6 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी है। सोनीपत और यमुनानगर में 40 MM से ज्यादा बारिश हुई, जबकि कई जिलों में तापमान गिरा है।
भाजपा पार्षद के बयान पर रोहतक में सियासी घमासान
➤ कांग्रेस नेताओं ने विधायक को ‘निपटाने’ वाली टिप्पणी पर जताई आपत्ति
➤ कपिल नागपाल से सार्वजनिक माफी की मांग, कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
रोहतक में भाजपा पार्षद और कांग्रेस नेताओं के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। वार्ड-7 से भाजपा पार्षद कपिल नागपाल की ओर से कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा को लेकर की गई टिप्पणी पर कांग्रेस नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई है।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पार्षद ने विधायक को लेकर आपत्तिजनक और धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कपिल नागपाल से अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। साथ ही माफी नहीं मांगने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
रात 12 बजे घर के बाहर नारेबाजी का आरोप
भाजपा पार्षद कपिल नागपाल, जो पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर के करीबी माने जाते हैं, ने कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
कपिल नागपाल का कहना है कि रात करीब 12 बजे विधायक ने उनके घर पर कुछ लोगों को भेजकर नारेबाजी करवाई। उन्होंने कहा कि इन लोगों के माध्यम से विधायक से पिछले 12 साल में करवाए गए कामों का हिसाब बताने की बात कही गई।
पार्षद के अनुसार, जब उन्होंने मौके पर पहुंचे लोगों से विधायक कार्यालय और बिजली कार्यालय जाने के लिए कहा, तो उन्होंने वहां जाने से इनकार कर दिया। इसी आधार पर कपिल नागपाल ने आरोप लगाया कि इन लोगों को विधायक ने ही भेजा था।
पार्षद बोले, विधायक ने जनता का सहारा लिया
कपिल नागपाल ने आरोप लगाया कि विधायक सीधे तौर पर उनके सामने आने के बजाय जनता का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक अब उनके खिलाफ खुलकर सामने आ गए हैं।
इसी विवाद के बीच पार्षद की ओर से विधायक को लेकर सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी भी सामने आई है। इसी टिप्पणी के कुछ शब्दों को लेकर कांग्रेस नेताओं ने आपत्ति जताई है।
कांग्रेस ने कहा, चुने हुए प्रतिनिधि को मर्यादा रखनी चाहिए
कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष कपिल खन्ना ने कपिल नागपाल के बयान को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पार्षद ने यह कहकर गलत भाषा का इस्तेमाल किया कि चेले निपटा दिए और विधायक को भी निपटा दूंगा।
कपिल खन्ना ने कहा कि कपिल नागपाल कभी अपनी ही पार्टी के जिलाध्यक्ष को निपटाने की बात करते हैं और अब विधायक को लेकर भी ऐसी टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी भाषा के पीछे पार्षद की मंशा क्या है, यह समझ से परे है।
उन्होंने कहा कि कपिल नागपाल जनता के चुने हुए प्रतिनिधि हैं। ऐसे में उन्हें इस तरह की भाषा और राजनीति से बचना चाहिए।
कांग्रेस नेता ने मांग की कि पार्षद भारत भूषण बतरा से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुनील बल्ली बोले, विधायक को दी गई धमकी
कांग्रेस नेता सुनील बल्ली ने भी पार्षद के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विधायक को निपटाने की बात करना धमकी देने जैसा है। इसके लिए कपिल नागपाल को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
सुनील बल्ली ने कहा कि पार्षद को दूसरे के वार्ड में क्या हो रहा है, इसकी चिंता करने के बजाय अपने वार्ड के लोगों और वहां के कामों पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विधायक के बारे में इस तरह की टिप्पणी करने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लेकर भी निपटाने जैसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।
सुनील बल्ली ने कहा कि कार्यकर्ताओं से ही पार्टी बनती है। इसलिए राजनीतिक विरोध के बावजूद भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।
वार्ड की राजनीति से शुरू हुआ विवाद
पूरे मामले में दोनों पक्षों के बयानों के बाद रोहतक की स्थानीय राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। एक तरफ भाजपा पार्षद ने रात में अपने घर के बाहर नारेबाजी के पीछे विधायक की भूमिका होने का आरोप लगाया है।
वहीं कांग्रेस नेताओं ने पार्षद की टिप्पणी को मुद्दा बनाते हुए उनसे माफी की मांग की है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन चुने हुए जनप्रतिनिधियों को सार्वजनिक बयान देते समय शब्दों की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
फिलहाल इस विवाद के बीच दोनों पक्षों की ओर से आरोप और जवाबी आरोप सामने आ रहे हैं। मामला आगे कानूनी कार्रवाई तक पहुंचता है या राजनीतिक स्तर पर ही सुलझता है, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।
pooja