हरियाणा पुलिस के लिए बड़ी खुशखबरी: अब सिपाहियों और इंस्पेक्टरों को मिलेगा साप्ताहिक अवकाश
पुलिस वालों की अब नहीं कटेगी छुट्टी, एसपी ने अचानक लिया बड़ा फैसला!
➤ हरियाणा पुलिस के जवानों को अब नियमित साप्ताहिक अवकाश मिलेगा
➤ रोहतक एसपी ने पुलिस कर्मियों के तनाव प्रबंधन के लिए जारी किए आदेश
➤ थाना प्रभारियों को रोटेशन के आधार पर छुट्टी देने की जिम्मेदारी सौंपी गई
हरियाणा पुलिस में कार्यरत सिपाही से लेकर निरीक्षक पद तक के कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। रोहतक के पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है, जिसके तहत अब पुलिसकर्मियों को अनिवार्य रूप से साप्ताहिक अवकाश (Weekly Off) दिया जाएगा। यह कदम पुलिस महानिदेशक, हरियाणा पंचकूला के निर्देशों के अनुपालन में उठाया गया है। आदेश के अनुसार, हर सप्ताह कुल पुलिस बल के 15 प्रतिशत कर्मचारी बारी-बारी से छुट्टी पर रहेंगे।
एसपी ने स्पष्ट किया है कि देखने में आया था कि कुछ यूनिटों में केवल 10 प्रतिशत या उससे कम कर्मचारियों को ही अवकाश दिया जा रहा था, जो कि नियमों का उल्लंघन है। तनाव प्रबंधन और कार्य-जीवन संतुलन (Work-Life Balance) में सुधार के लिए यह रोटेशन प्रणाली अनिवार्य की गई है। सभी थाना प्रभारियों और यूनिट इंचार्जों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीन तैनात कर्मियों को नियमित रूप से छुट्टी पर भेजें और इसकी रिपोर्ट प्रतिदिन शाम 4 बजे तक सेना शाखा में जमा कराएं। यदि कोई कर्मचारी पहले से लंबी छुट्टी पर है, तो उसे उस सप्ताह अलग से साप्ताहिक अवकाश नहीं मिलेगा।
Akhil Mahajan