पुलिस कस्टडी से फरार हुआ मोबाइल स्नेचर, कोर्ट पेशी के बाद थाने से धक्का देकर भागा आरोपी
मोबाइल स्नेचिंग का आरोपी कोर्ट पेशी के बाद पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। आरोपी ने पुलिसकर्मी को धक्का देकर भागने की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
■ कोर्ट से रिमांड पर लाए गए आरोपी ने थाने में दिया चकमा
■ पुलिसकर्मी को धक्का देकर फरार, तलाश में जुटी टीमें
■ दिल्ली से आकर गुरुग्राम में करता था मोबाइल स्नेचिंग
गुरुग्राम में मोबाइल स्नेचिंग के एक मामले में गिरफ्तार किया गया आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। कोर्ट में पेशी के बाद एक दिन के रिमांड पर लाए गए आरोपी ने सेक्टर-29 थाना परिसर में ही पुलिसकर्मी को धक्का देकर भागने की दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दे दिया। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और तुरंत आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी कर तलाश अभियान शुरू कर दिया गया, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-29 थाना पुलिस ने 25 फरवरी को दर्ज एक मोबाइल स्नेचिंग केस में दिल्ली के गांव मांडी स्थित शांति कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय रवि और उसके साथी भीम बस्ती निवासी आदित्य को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया था।
कोर्ट से वापसी के बाद जब पुलिसकर्मी आरोपी रवि को लेकर थाने पहुंचे, तभी उसने मौके का फायदा उठाया। बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिसकर्मी कागजी कार्रवाई में व्यस्त हुए, रवि ने अचानक धक्का देकर खुद को छुड़ाया और थाने से बाहर की ओर भाग निकला। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह भीड़ और गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी नशा करने का आदी है और अपने साथी के साथ बाइक पर दिल्ली से गुरुग्राम आकर स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देता था। वारदात के बाद दोनों तुरंत दिल्ली लौट जाते थे, जिससे पुलिस को लंबे समय से इनकी तलाश थी।
हेड कॉन्स्टेबल प्रदीप कुमार की शिकायत पर सेक्टर-29 थाने में फरारी का अलग से केस दर्ज किया गया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाने के भीतर से आरोपी का फरार होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि लापरवाही की भी जांच की जाएगी।
Akhil Mahajan