नगर निगम चुनावों में आम आदमी पार्टी उतरेगी पूरे दमखम के साथ, बीजेपी-कांग्रेस एक ही थैली के चट्टे-बट्टे: डॉ. सुशील गुप्ता
सोनीपत में आम आदमी पार्टी ने नगर निगम चुनाव प्रचार का शुभारंभ किया। डॉ. सुशील गुप्ता ने बीजेपी-कांग्रेस पर हमला बोलते हुए भ्रष्टाचार को बड़ा मुद्दा बताया।
➤ सोनीपत में AAP ने नगर निगम चुनाव प्रचार का किया आगाज़
➤ वार्ड-19 में विशाल जनसभा, सरकार की नीतियों पर तीखा हमला
➤ भ्रष्टाचार, प्रॉपर्टी टैक्स, पेंशन कटौती और नशा बने बड़े मुद्दे
आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी ने हरियाणा में पूरी ताकत झोंकने का ऐलान कर दिया है। इसी कड़ी में AAP हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने वार्ड-19, सोनीपत में एक विशाल जनसभा कर चुनाव प्रचार का औपचारिक शुभारंभ किया। इस मौके पर प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष व प्रवक्ता, जिला प्रभारी सुरेंद्र अहलावत और जिलाध्यक्ष रणबीर छिक्कारा भी मौजूद रहे और जनता को संबोधित किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए डॉ. सुशील गुप्ता ने केंद्र सरकार की नीतियों पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने भारत-अमेरिका के बीच हुई हालिया ट्रेड डील पर सवाल उठाते हुए कहा, “यह समझौता भारतीय किसानों के लिए तबाही का फरमान है। इससे अन्नदाता आत्महत्या के लिए मजबूर होगा और देश की अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचेगा। सरकार विदेशी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए अपने किसानों को बलि का बकरा बना रही है।”
डॉ. गुप्ता ने साफ कहा कि नगर निगम चुनावों में आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार को मुख्य मुद्दा बनाएगी। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी और कांग्रेस एक ही थैली के चट्टे-बट्टे हैं, दोनों ने मिलकर जनता को सिर्फ लूटा है। AAP चुनाव पूरी मजबूती के साथ अपने चुनाव चिन्ह पर लड़ेगी।
प्रशासन और निगम की कार्यप्रणाली पर हमला
जिला प्रभारी सुरेंद्र अहलावत ने स्थानीय प्रशासन और नगर निगम की कार्यशैली पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा,
“आज शहर के बुजुर्ग पेंशनभोगियों की पेंशन काटी जा रही है। यह सरकार की संवेदनहीनता का सबसे बड़ा प्रमाण है। आम आदमी पार्टी बुजुर्गों के हक की लड़ाई अंतिम दम तक लड़ेगी।”
उन्होंने प्रॉपर्टी टैक्स के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा और कहा कि नगर निगम में शामिल गांवों को टैक्स माफ करने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार अपने वादे से मुकर गई। यह ग्रामीणों के साथ बड़ा विश्वासघात है।
शहर की बदहाली पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि गंदे पानी की सप्लाई, जाम सीवर और टूटी गलियां आम हो चुकी हैं, लेकिन सरकार विकास के झूठे दावे कर रही है।
भ्रष्टाचार के 11 बड़े मुद्दे गिनाए
जिलाध्यक्ष रणबीर छिक्कारा ने प्रशासनिक स्तर पर फैले भ्रष्टाचार का खुलासा करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि तहसीलों में इंतकाल और रजिस्ट्री के नाम पर खुलेआम अवैध वसूली हो रही है।
DTP कार्यालयों में नक्शे पास करवाने में जानबूझकर 5-6 महीने की देरी की जाती है ताकि रिश्वतखोरी को बढ़ावा मिले।
इसके अलावा, उन्होंने शहर में तेजी से फैलते नशे के कारोबार पर भी चिंता जताई और प्रशासन को पूरी तरह विफल बताया।
बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस जनसभा में नगर निगम प्रत्याशी चयन समिति अध्यक्ष विमल किशोर, जिला उपाध्यक्ष नरेश कौशिक, ईश्वर सिंह दहिया, ओबीसी सेल जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ रोहिल्ला, अल्पसंख्यक सेल जिलाध्यक्ष शेर मोहम्मद, एससी सेल जिलाध्यक्ष करमबीर थाना, सोनीपत विधानसभा अध्यक्ष योगेश पाल, लोकसभा सचिव राजेश सरोहा, सरोज बाला राठी, सतबीर सती, खरखौदा विधानसभा अध्यक्ष सुनील दहिया, अजय टोंक, जिला सचिव विकास दहिया, सोशल मीडिया इंचार्ज वंश आर्य, रोहित बड़ौली, सूरजबान आंतिल, खेवड़ा, जोगा पहलवान, रामबीर सिंह, बबीता सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Akhil Mahajan