बिजली कट के दौरान कैदी ने दीवार फांदकर लगाई छलांग, जेल प्रशासन ने दो कर्मचारियों को किया सस्पेंड
अंबाला सेंट्रल जेल से पॉक्सो आरोपी अजय कुमार दिनदहाड़े दीवार फांदकर फरार हो गया। बिजली कट का फायदा उठाकर उसने योजना को अंजाम दिया। 45 दिन में यह दूसरी बड़ी फरारी है।
➤ अंबाला सेंट्रल जेल से दिनदहाड़े कैदी फरार
➤ बिजली कट का फायदा उठाकर दीवार फांदी
➤ जेल प्रशासन ने दो कर्मचारियों को किया सस्पेंड
हरियाणा की अंबाला सेंट्रल जेल से एक बार फिर बड़ी लापरवाही सामने आई है। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे जेल का बंदी अजय कुमार फरार हो गया। आरोपी पॉक्सो एक्ट और रेप जैसे गंभीर अपराधों में बंद था। उसने जेल परिसर की छोटी दीवार लांघी, बिजली के खंभे पर चढ़ा और 18 फुट ऊंची मुख्य दीवार पार कर दी।
जेल प्रशासन के अनुसार, शनिवार सुबह से ही जेल परिसर में बार-बार बिजली कट हो रहा था। अजय ने इसी स्थिति का फायदा उठाया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दिया कि उसने बिजली की तार पकड़कर दीवार पार की और मौके से गायब हो गया।
यह घटना तब हुई जब जेल परिसर में स्थित कारखाना बंद करने की प्रक्रिया चल रही थी। गिनती के दौरान अजय के गायब होने का पता चला। इसके बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और सभी गेट बंद कर तलाशी अभियान शुरू किया गया।
फरारी की सूचना पर पुलिस ने तुरंत बलदेव नगर थाने में मामला दर्ज किया और आसपास के जिलों में नाकेबंदी कर दी गई। अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और हाईवे पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने आशंका जताई है कि यह पूरी योजना अजय ने पहले से बनाई थी और संभावना है कि बाहर से भी किसी ने मदद की हो।
यह घटना 45 दिनों के भीतर दूसरी बार हुई है जब अंबाला सेंट्रल जेल से कोई कैदी फरार हुआ। अगस्त में भी सुखबीर कालिया नामक आरोपी सिलेंडर छोड़ने आई गाड़ी के नीचे छिपकर जेल से भाग गया था। उस घटना में भी कई सुरक्षाकर्मियों पर कार्रवाई हुई थी।
इस बार जेल प्रशासन ने हेड वार्डन दिलीप और वार्डन गौरव को सस्पेंड कर दिया है। लेकिन बार-बार की इन घटनाओं ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Akhil Mahajan