इंजीनियर मौत केस में हत्या की FIR, जांच में नया मोड़
अंबाला में BEL इंजीनियर राहुल मिश्रा की मौत के मामले में 2 महीने बाद हत्या की FIR दर्ज हुई। पिता ने हादसे को हत्या बताया, पुलिस ने जांच तेज की।
■ डिप्टी इंजीनियर मौत केस में नया मोड़, पुलिस ने दर्ज की हत्या की FIR
■ पिता बोले- हादसा नहीं, बेटे की हुई हत्या; शरीर पर चोटों के निशान
■ मंत्री अनिल विज की फटकार के बाद एक्शन, दोबारा जांच शुरू
हरियाणा के अंबाला में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) के डिप्टी इंजीनियर राहुल मिश्रा की मौत के मामले में बड़ा मोड़ आया है। करीब दो महीने बाद अब पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यह कार्रवाई तब हुई जब मृतक के पिता विनोद कुमार मिश्रा, जो भारतीय वायु सेना में जूनियर वारंट ऑफिसर (JWO) हैं, ने अंबाला पहुंचकर कैबिनेट मंत्री अनिल विज से मुलाकात की और बेटे के लिए न्याय की मांग की।
बताया गया कि मंत्री की फटकार के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए केस को हादसे से हत्या में बदल दिया और जांच तेज कर दी।
पार्किंग में मिली थी लाश, पहले माना गया हादसा
राहुल मिश्रा की 6 फरवरी 2026 को अंबाला के महेश नगर स्थित लेखी कॉम्प्लेक्स की पार्किंग में लाश मिली थी। उस समय मकान मालिक ने इसे छत से गिरने का हादसा बताया था।
शुरुआत में पिता ने भी सदमे में किसी पर शक नहीं जताया, जिसके चलते पुलिस ने संदेहास्पद मृत्यु (BNSS धारा 194) के तहत कार्रवाई की थी।
पिता को चोटों से हुआ शक
अब पिता विनोद मिश्रा ने नई शिकायत में दावा किया है कि उनके बेटे के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान थे।
उन्होंने बताया कि राहुल की बाईं आंख काली पड़ी हुई थी, पसलियों के नीचे नीले निशान थे और कंधा भी उतरा हुआ था, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि उसके साथ मारपीट हुई थी।
पिता का आरोप है कि उनका बेटा पिछले डेढ़ साल से उसी मकान में रह रहा था और हर महीने किराया देता था, लेकिन घटना के बाद मकान मालिक ने उसे पहचानने से इनकार कर दिया, जो शक पैदा करता है।
पुरानी रंजिश का भी शक
पिता ने यह भी बताया कि राहुल ने तीन महीने पहले मकान मालिक के बेटे पर मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल होने का शक जताया था, जिससे रंजिश की संभावना बनती है।
अब उन्होंने मकान मालिक, उसके बेटे और 4 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है।
जांच दोबारा शुरू, सबूत जुटाने में जुटी पुलिस
महेश नगर थाना पुलिस ने अब हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और मामले की दोबारा जांच शुरू कर दी है।
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट (PMR No. 45), सीन ऑफ क्राइम रिपोर्ट और मोबाइल लोकेशन के आधार पर सबूत जुटा रही है।
इस पूरे मामले ने अब तूल पकड़ लिया है और हर कोई जानना चाहता है कि यह हादसा था या हत्या।
shubham