अंबाला में आयकर टीम पर हमला, फैक्ट्री कर्मचारियों ने किया पथराव साहा की न्यूट्रिशन फैक्ट्री में बवाल
हरियाणा के अंबाला जिले के साहा स्थित न्यूट्रिशन फैक्ट्री में सर्वे करने पहुंची आयकर विभाग की टीम पर कर्मचारियों ने हमला कर दिया। गाड़ियों पर पथराव किया गया और ड्राइवर घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
■ अंबाला के साहा में आयकर विभाग की टीम पर कर्मचारियों का हमला
■ टीम की गाड़ियों पर पथराव, ड्राइवर घायल; कारों के शीशे और हैंडल तोड़े
■ पुलिस ने सरकारी काम में बाधा समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया
हरियाणा के अंबाला जिले में आयकर विभाग की टीम पर हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि साहा स्थित एक न्यूट्रिशन फैक्ट्री में सर्वे करने पहुंची आयकर विभाग की टीम पर कुछ कर्मचारियों ने अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि कर्मचारियों ने टीम की गाड़ियों पर पथराव किया और ड्राइवर के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक आयकर विभाग की टीम अधिकारी कविता बतरा के नेतृत्व में साहा स्थित न्यूट्रीवेल लेबोरेटरीज एब्सोल्यूट न्यूट्रिशन प्राइवेट लिमिटेड में सर्वे के लिए पहुंची थी। दोपहर करीब 1:40 बजे फैक्ट्री के डायरेक्टर राहुल डावर भी मौके पर मौजूद थे।
इसी दौरान फैक्ट्री परिसर में अचानक आग लगने की अफवाह फैल गई, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर आयकर विभाग की टीम फैक्ट्री से बाहर निकलकर सड़क के दूसरी ओर खड़ी हो गई और फायर ब्रिगेड का इंतजार करने लगी।बताया गया कि करीब 45 मिनट बाद फैक्ट्री के कुछ कर्मचारियों ने अचानक आयकर टीम को घेर लिया। आरोप है कि इस दौरान कर्मचारियों का नेतृत्व वर्क हाउस मैनेजर पारस कर रहा था। जैसे ही टीम के सदस्य अपनी सुरक्षा के लिए गाड़ियों में बैठने लगे, आरोपियों ने उन्हें बाहर खींचने की कोशिश की और गाड़ियों पर पथराव शुरू कर दिया।
कारों के शीशे टूटे, ड्राइवर के फाड़े कपड़े
हमले के दौरान आयकर टीम की अर्टिगा कार पर भारी पथराव किया गया, जिससे उसके शीशे टूट गए। इस घटना में ड्राइवर जगदीप घायल हो गया। उपद्रवियों ने एक अन्य हुंडई वर्ना कार के हैंडल भी तोड़ दिए और ड्राइवर के साथ हाथापाई कर उसके कपड़े तक फाड़ दिए।
जान बचाकर निकलनी पड़ी टीम
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आयकर विभाग की टीम को अपनी जान बचाकर वहां से निकलना पड़ा। इस दौरान आयकर अधिकारी अमरजीत की कुछ किताबें, आधिकारिक मुहर और मोबाइल चार्जर फैक्ट्री परिसर में ही छूट गए।
मौके पर मौजूद एएसआई तेजपाल ने किसी तरह टीम को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में जॉइंट कमिश्नर शक्ति सिंह भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
shubham