मां के आंसू देख पिघले गब्‍बर, आरोपी पुलिसकर्मी पर गैर इरादतन हत्या का मामला!

अंबाला में 24 वर्षीय निकिता बजाज की सड़क हादसे में मौत के बाद परिवार ने मंत्री अनिल विज से मुलाकात की। मंत्री ने एसपी को आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा जोड़ने के निर्देश दिए।

मां के आंसू देख पिघले गब्‍बर, आरोपी पुलिसकर्मी पर गैर इरादतन हत्या का मामला!

➤ रोड एक्सीडेंट में निकिता की मौत, आरोपी पुलिस हेड कांस्टेबल को मिली जमानत
➤ मां के आंसू देख मंत्री अनिल विज ने SP को दिए सख्त निर्देश
➤ नशे में कार चलाने और पुलिस पर बचाने के आरोप से बढ़ा मामला


अंबाला सिटी के करतार नगर की 24 वर्षीय निकिता बजाज की सड़क हादसे में मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शनिवार को पीड़ित परिवार ने हरियाणा के वरिष्ठ मंत्री अनिल विज से मुलाकात की। इस दौरान निकिता की मां फूट-फूट कर रो पड़ीं। मां के आंसुओं और परिजनों के आरोपों को सुनने के बाद मंत्री विज ने तुरंत अजीत शेखावत से फोन पर बात की और आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा जोड़ने के निर्देश दिए।

यह दर्दनाक हादसा 11 फरवरी की देर शाम काली पलटन पुल के पास हुआ। जानकारी के अनुसार बलदेव नगर चौकी में तैनात पुलिस हेड कांस्टेबल अमित कुमार अपनी होंडा सिटी कार से कैंट से सिटी की ओर जा रहा था। उसी दौरान ई-रिक्शा में सवार निकिता अपने भाई हर्ष के साथ घर लौट रही थीं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि निकिता सड़क पर गिर गईं और कार का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी पुलिसकर्मी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि कार चला रहा पुलिसकर्मी नशे की हालत में था। उनका कहना है कि कुछ ही घंटों में आरोपी को कोर्ट से जमानत मिल गई, जिससे परिवार में रोष और बढ़ गया। निकिता की मां और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस अपने ही कर्मी को बचाने की कोशिश कर रही है।

निकिता गुरुग्राम की एक कंपनी में कार्यरत थीं और एयर होस्टेस का कोर्स कर चुकी थीं। वह परिवार में एक शादी में शामिल होने अंबाला आई थीं। खुशियों के बीच हुआ यह हादसा पूरे परिवार के लिए गहरा सदमा बन गया।

मंत्री अनिल विज ने परिवार को आश्वस्त किया कि मामले में निष्पक्ष जांच होगी। उन्होंने एसपी को स्पष्ट निर्देश दिए कि आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा जोड़ी जाए और जांच में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी पुलिसकर्मी के मेडिकल परीक्षण और अन्य साक्ष्यों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।