गब्बर फिर घायल, अब बाथरूम में फिसले, दोनों पैरों में फ्रैक्चर
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज बाथरूम में फिसलकर गिर पड़े, दोनों पैरों में हेयरलाइन फ्रैक्चर हुआ। डॉक्टरों ने एक महीने बेड रेस्ट की सलाह दी है। चोट के बाद उनका गाना गुनगुनाते हुए वीडियो भी सामने आया है।
➤ नहाते समय वॉशरूम में फिसले दोनों पैर में हेयरलाइन फ्रैक्चर
➤ डॉक्टरों ने एक महीने का बेड रेस्ट दिया विधानसभा सत्र पर संशय
➤ प्लास्टर लगे पैरों के साथ वीडियो वायरल हौसला बरकरार
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज एक बार फिर हादसे का शिकार हो गए। अंबाला स्थित अपने आवास पर नहाते समय वह बाथरूम में फिसलकर गिर पड़े, जिससे उनके दोनों पैरों में हेयरलाइन फ्रैक्चर हो गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उनके दोनों पैरों में प्लास्टर चढ़ा दिया है और उन्हें कम से कम एक महीने तक पूर्ण आराम की सलाह दी है। इस घटना ने राजनीतिक हलकों में चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि 20 फरवरी से हरियाणा विधानसभा का सत्र शुरू होना है और उससे पहले 19 फरवरी को बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें उनकी मौजूदगी तय मानी जा रही थी।
हादसे के बाद उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे घर में कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं। दोनों पैरों पर प्लास्टर चढ़ा हुआ है और उन्होंने पैर सामने रखी टेबल पर टिकाए हुए हैं। इस दौरान वे ‘चल री सजनी अब क्या सोचे…’ गीत गुनगुनाते दिखे। इस वीडियो ने साफ संकेत दिया कि चोट के बावजूद उनका मनोबल कमजोर नहीं हुआ है। समर्थक इसे उनका जज्बा बता रहे हैं। विज विधानसभा सत्रों में शायद ही कभी अनुपस्थित रहे हों, ऐसे में इस बार उनकी भागीदारी को लेकर संशय बना हुआ है।
यह पहली बार नहीं है जब अनिल विज को इस तरह की चोट लगी हो। जून 2020 में भी वे बाथरूम में फिसल गए थे, तब उनके बाएं जांघ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ था और बाद में मोहाली में सर्जरी तक करानी पड़ी थी। मई-जून 2025 में उनके बाएं पैर के अंगूठे में दर्द के बाद हेयरलाइन फ्रैक्चर की पुष्टि हुई थी। उस समय डॉक्टरों ने एक सप्ताह आराम की सलाह दी थी और मुख्यमंत्री नायब सैनी उनसे मिलने उनके आवास पहुंचे थे।
इसके अलावा मार्च 2019 में भाजपा की बाइक रैली के दौरान दोपहिया से गिरने पर उनकी आंख और घुटने में चोट आई थी, हालांकि उस समय फ्रैक्चर नहीं हुआ था। बार-बार हो रही इन घटनाओं के बावजूद विज सक्रिय राजनीति में डटे रहे हैं। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला भी उनका हालचाल लेने पहुंचे। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में वे घर पर आराम कर रहे हैं और समर्थक उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
Akhil Mahajan