सड़क हादसे में बाल-बाल बचे ऊर्जा मंत्री अनिल विज, एसटीएफ जवान पर एफआईआर

अंबाला में मंत्री अनिल विज की कार को एसटीएफ सब इंस्पेक्टर की कार ने टक्कर मार दी। सुरक्षा काफिला तोड़कर आई कार से हादसा हुआ। पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज किया।

सड़क हादसे में बाल-बाल बचे ऊर्जा मंत्री अनिल विज, एसटीएफ जवान पर एफआईआर
  • अंबाला में मंत्री अनिल विज की कार को एसटीएफ जवान ने मारी टक्कर
  • सुरक्षा काफिला तोड़कर आई कार, मंत्री बाल-बाल बचे
  • एसटीएफ सब इंस्पेक्टर पर लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज


हरियाणा के परिवहन एवं ऊर्जा मंत्री अनिल विज शनिवार रात एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। यह घटना अंबाला कैंट क्षेत्र में उस समय हुई, जब मंत्री अनिल विज रात करीब 11 बजे महाराजा ढाबे के सामने से शास्त्री कॉलोनी की ओर जा रहे थे।

बताया जा रहा है कि जैसे ही मंत्री का सुरक्षा काफिला अंबाला-दिल्ली हाईवे की ओर बढ़ा, तभी एक काले रंग की कार अचानक काफिले को तोड़ते हुए मंत्री अनिल विज की कार से टकरा गई। टक्कर के बाद पूरे सुरक्षा काफिले में अफरा-तफरी मच गई।

सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए कार चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी चालक को कार सहित पड़ाव थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में मंत्री अनिल विज को कोई गंभीर चोट नहीं आई।

पुलिस जांच में कार चालक की पहचान अंबाला कैंट के बाबाहेड़ी गांव निवासी राजिंद्र शर्मा के रूप में हुई है। वह अंबाला स्पेशल टास्क फोर्स में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात है। पड़ाव थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।