दिल्‍ली पहुंच रहा लॉरेंस का भाई अनमोल , अमेरिका से डिपोर्ट :सलमान खान के घर फायरिंग मामले में वांटेड और बाबा सिद्दीकी-मूसेवाला के मर्डर का आरोप

गैंगस्टर लॉरेंस का भाई अनमोल अमेरिका से भारत डिपोर्ट किया जा रहा है। सलमान फायरिंग, बाबा सिद्दीकी मर्डर और मूसेवाला केस में वांटेड अनमोल पर NIA ने ₹10 लाख इनाम रखा है।

दिल्‍ली पहुंच रहा लॉरेंस का भाई अनमोल , अमेरिका से डिपोर्ट :सलमान खान के घर फायरिंग मामले में वांटेड और  बाबा सिद्दीकी-मूसेवाला के मर्डर का आरोप

  • गैंगस्टर लॉरेंस का भाई अनमोल अमेरिका से भारत डिपोर्ट, IGI एयरपोर्ट पर लाया जाएगा

  • सलमान खान फायरिंग, बाबा सिद्दीकी मर्डर और मूसेवाला केस में वांटेड

  • NIA की वांटेड लिस्ट में शामिल, ₹10 लाख इनाम; फर्जी रूसी पासपोर्ट से फरार था


गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई अमेरिका से भारत डिपोर्ट किया जा रहा है। वह कुछ ही देर में दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पहुंच सकता है। अमेरिका से कुल 200 लोगों को डिपोर्ट किया गया है, जिनमें भारत के तीन लोग शामिल हैं। बाकी दो पंजाब के निवासी बताए जा रहे हैं।

अनमोल अप्रैल 2024 में बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग में वांटेड है। इसके अलावा पिछले साल मुंबई में NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या का भी वह मुख्य आरोपी है। उसका नाम 2022 में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला मर्डर में भी सामने आया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अनमोल अमेरिका में अवैध तरीके से घुसा था, जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया। अब उसे भारत डिपोर्ट किया जा रहा है। वह NIA की वांटेड लिस्ट में शामिल है और एजेंसी ने उस पर ₹10 लाख का इनाम घोषित किया हुआ है।

बाबा सिद्दीकी के बेटे और पूर्व विधायक जीशान सिद्दीकी ने बताया कि उन्हें अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग से एक ईमेल मिला है, जिसमें अनमोल को अमेरिका से निकालने की पुष्टि की गई है। जीशान ने कहा कि अनमोल को भारत लाकर उसके अपराधों के लिए मुकदमा चलना चाहिए।

एक अधिकारी के मुताबिक देशभर में अनमोल के खिलाफ कई केस दर्ज हैं। केंद्र सरकार तय करेगी कि उसे किस एजेंसी को सौंपा जाएगा। मुंबई पुलिस ने प्रत्यर्पण के लिए दो प्रस्ताव भेजे थे और वह उसकी हिरासत की मांग कर सकती है।

अधिकारियों ने बताया कि अनमोल अमेरिका और कनाडा के बीच घूमता रहा और उसके पास फर्जी दस्तावेजों पर बना रूसी पासपोर्ट भी मिला है। पिछले साल नवंबर में उसे अमेरिका में हिरासत में लिया गया था।

जीशान सिद्दीकी ने कहा कि उनके पिता की हत्या में अनमोल का नाम सामने आया था और यह जानना बेहद जरूरी है कि उसने यह सब किसके इशारे पर किया। उनका कहना है कि अनमोल समाज के लिए खतरा है और मुंबई में लाकर उससे पूछताछ होनी चाहिए।

12 अक्टूबर 2024 की रात मुंबई के बांद्रा के खेरवाड़ी सिग्नल पर बाबा सिद्दीकी की हत्या हुई थी। लॉरेंस गैंग ने इस मर्डर की जिम्मेदारी ली थी। पुलिस ने 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि अनमोल, शुभम लोनकर और जीशान मोहम्मद अख्तर फरार रहे। हत्या के बाद शूटर ने मौके के फोटो और वीडियो भेजकर अनमोल को पुष्टि दी थी।

मार्च 2023 में लॉरेंस गैंग ने सलमान खान को धमकी दी थी। इसके बाद उन्हें Y+ कैटेगरी की सुरक्षा मिली। 14 अप्रैल 2024 को बाइक सवार बदमाशों ने सलमान के घर पर फायरिंग की।

29 मई 2022 को पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद अनमोल का नाम पहली बार चर्चा में आया। जांच में पता चला कि लॉरेंस ने जेल से साजिश रची, जबकि अनमोल और उसके भतीजे सचिन थापन ने गोल्डी बराड़ के साथ मिलकर रेकी, शूटर और हथियारों की व्यवस्था की। करीब दो साल पहले अनमोल अमेरिका में पंजाबी सिंगर करण औजला और शैरी मान के एक शो में भी दिखाई दिया था।