पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट को मिले नए कार्यवाहक चीफ जस्टिस, न्यायाधीश अश्विनी कुमार मिश्रा संभालेंगे कमान
पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस अश्विनी कुमार मिश्रा को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद-223 के तहत यह नियुक्ति की।
पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट को मिले नए कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश
जस्टिस अश्विनी कुमार मिश्रा संभालेंगे हाई कोर्ट की कमान
जस्टिस शील नागू के सुप्रीम कोर्ट में पदोन्नत होने के बाद हुई नियुक्ति
पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट को नया कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश (Acting Chief Justice) मिल गया है। जस्टिस शील नागू के सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत होने के बाद रिक्त हुए पद पर केंद्र सरकार ने वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस अश्विनी कुमार मिश्रा को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है।
इस संबंध में भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय ने सोमवार को अधिसूचना जारी की। अधिसूचना के अनुसार, भारत के राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद-223 के तहत अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए यह नियुक्ति की है।
दरअसल, हाल ही में जस्टिस शील नागू को सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। उनके पदोन्नत होने के बाद पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का पद रिक्त हो गया था। इसी रिक्ति को देखते हुए वरिष्ठतम न्यायाधीश जस्टिस अश्विनी कुमार मिश्रा को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि जब तक हाई कोर्ट में नियमित मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक जस्टिस अश्विनी कुमार मिश्रा मुख्य न्यायाधीश के कार्यालय से जुड़े सभी कार्यों और प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
जस्टिस अश्विनी कुमार मिश्रा न्यायपालिका में लंबे अनुभव के लिए जाने जाते हैं और वे पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीशों में शामिल हैं। उनकी नियुक्ति को न्यायिक प्रशासन की निरंतरता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हाई कोर्ट में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब न्यायिक व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई और प्रशासनिक कार्य जारी हैं। ऐसे में नए कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की भूमिका अदालत के सुचारू संचालन में अहम मानी जा रही है।
Akhil Mahajan