हरियाणा पुलिस के सख्त पहरे में मेदांता पहुंचे सोनम वांगचुक: अस्पताल बना हाई सिक्योरिटी जोन, नड्डा-जितेंद्र सिंह ने ICU में की मुलाकात

लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया है। हरियाणा और दिल्ली पुलिस ने थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था लागू की है, जबकि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह ने अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना।

हरियाणा पुलिस के सख्त पहरे में मेदांता पहुंचे सोनम वांगचुक: अस्पताल बना हाई सिक्योरिटी जोन, नड्डा-जितेंद्र सिंह ने ICU में की मुलाकात

मेदांता अस्पताल में हरियाणा-दिल्ली पुलिस की थ्री लेयर सिक्योरिटी लागू
जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने ICU पहुंचकर सोनम वांगचुक का हालचाल जाना
प्रदर्शन की आशंका पर गुरुग्राम में कांग्रेस के कई नेताओं को किया गया हाउस अरेस्ट


 25 दिनों से अनशन कर रहे सोनम वांगचुक को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद पूरे अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व रूप से बढ़ा दी गई है। हरियाणा और दिल्ली पुलिस ने तीन लेयर सुरक्षा घेरा बनाया है, जबकि राजनीतिक गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।

हॉस्पिटल की जिस बिल्डिंग में वांगचुक एडमिट हैं, उसके बाहर हरियाणा और दिल्ली पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं।

लद्दाख से जुड़े मुद्दों और छात्रों के समर्थन में 25 दिनों से अनशन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को मंगलवार शाम दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। शाम करीब 7:30 बजे उन्हें दिल्ली पुलिस की निगरानी में अस्पताल लाया गया। उनके भर्ती होते ही हरियाणा पुलिस और दिल्ली पुलिस ने पूरे अस्पताल परिसर को हाई सिक्योरिटी जोन में तब्दील कर दिया। मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल आने वाले सभी लोगों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार ने सोनम वांगचुक से बातचीत की पहल भी शुरू कर दी है। मंगलवार देर रात केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह मेदांता अस्पताल पहुंचे और ICU-8 में भर्ती सोनम वांगचुक से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। हालांकि अस्पताल प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक हेल्थ बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुशील कटारिया की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

सोनम वांगचुक को मंगलवार शाम साढ़े 7 बजे मेदांता हॉस्पिटल लाया गया था।

तीन लेयर सुरक्षा में तैनात हरियाणा और दिल्ली पुलिस

सोनम वांगचुक की सुरक्षा को देखते हुए अस्पताल में तीन स्तर की सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

पहली लेयर में मेदांता अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार पर अस्पताल की सुरक्षा टीम के साथ गुरुग्राम पुलिस तैनात है। यहां हर आने-जाने वाले व्यक्ति की पहचान और जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।

दूसरी लेयर में उस बिल्डिंग के बाहर हरियाणा पुलिस और दिल्ली पुलिस के जवान संयुक्त रूप से तैनात हैं, जहां सोनम वांगचुक भर्ती हैं। इस बिल्डिंग में केवल भर्ती मरीजों और निर्धारित समय पर एक अधिकृत तीमारदार को ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।

तीसरी लेयर उस फ्लोर पर बनाई गई है, जहां सोनम वांगचुक का इलाज चल रहा है। यहां पुलिस की निगरानी के साथ डॉक्टरों की विशेष टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है। अस्पताल प्रशासन जल्द ही उनका मेडिकल बुलेटिन जारी कर सकता है।

गुरुग्राम में कांग्रेस नेताओं पर भी पुलिस की कार्रवाई

सोनम वांगचुक के समर्थन में संभावित प्रदर्शन और अस्पताल पहुंचने की आशंका को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने एहतियाती कदम उठाए हैं। कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर सहित 10 से अधिक नेताओं को उनके घरों में ही हाउस अरेस्ट कर दिया गया। सभी नेताओं को लिखित नोटिस देकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा मेदांता अस्पताल की ओर किसी भी प्रकार का मार्च या प्रदर्शन नहीं करने की हिदायत दी गई है।

सरकार और आंदोलन के बीच बातचीत पर टिकी नजर

सोनम वांगचुक को गुरुग्राम शिफ्ट किए जाने के बाद अब सरकार और आंदोलन के बीच संभावित बातचीत को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिलहाल सभी की नजर उनके स्वास्थ्य और सरकार की अगली रणनीति पर बनी हुई है।