Video: ‘टटीरी’ गाने पर विवाद बढ़ा: समन के बावजूद नहीं पहुंचे बादशाह तो पानीपत महिला आयोग ने दिया 3 बजे तक पेश होने का अल्टीमेटम, नहीं तो....
रैपर बादशाह अपने नए गाने ‘टटीरी’ के बोलों को लेकर विवाद में घिर गए हैं। हरियाणा महिला आयोग के समन के बावजूद वह पानीपत में पेश नहीं हुए और उनकी ओर से वकीलों ने जवाब दाखिल किया।
■ ‘टटीरी’ गाने पर विवाद, महिला आयोग ने बादशाह को 3 बजे तक पेश होने का अल्टीमेटम दिया
■ समन के बावजूद खुद नहीं पहुंचे गायक, वकीलों ने आयोग के सामने रखा पक्ष
■ चेयरपर्सन रेणू भाटिया सख्त, जवाब संतोषजनक न हुआ तो FIR की चेतावनी
पानीपत। बॉलीवुड सिंगर और रैपर Badshah के नए गाने Tatiri को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन Renu Bhatia शुक्रवार को Panipat स्थित कार्यालय पहुंच गईं और गायक को दोपहर 3 बजे तक व्यक्तिगत रूप से पेश होने का अल्टीमेटम दिया।
समन के बावजूद बादशाह खुद आयोग के सामने पेश नहीं हुए। उनकी ओर से वकीलों की टीम आयोग के दफ्तर पहुंची और गायक का पक्ष रखने की कोशिश की। हालांकि महिला आयोग की चेयरपर्सन ने साफ कहा कि वह सीधे बादशाह से ही बात करेंगी और वकीलों के जरिए जवाब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
वकीलों ने देने की कोशिश की सफाई
मामले से जुड़ी शिकायतकर्ता भी आयोग के कार्यालय में मौजूद थीं। उनके अनुसार बादशाह के वकीलों ने आयोग के सामने गायक की ओर से सफाई देने की कोशिश की, लेकिन चेयरपर्सन रेणू भाटिया ने स्पष्ट कर दिया कि जब पिछले कई दिनों से गायक को खुद पेश होने के लिए कहा जा रहा था तो वह अब तक क्यों नहीं आए आयोग की ओर से कहा गया कि यदि बादशाह को अपना पक्ष रखना है तो उन्हें खुद आयोग के सामने आकर जवाब देना होगा।
3 बजे तक पेश होने का अल्टीमेटम
चेयरपर्सन रेणू भाटिया ने स्पष्ट किया कि बादशाह को दोपहर 3 बजे तक आयोग के सामने पेश होना होगा। इस दौरान वकीलों द्वारा फोन पर गायक से संपर्क करने की कोशिश की गई और उन्हें आयोग के आदेश की जानकारी दी गई। सूत्रों के अनुसार वकीलों ने आश्वासन दिया कि वे गायक से बात कर रहे हैं और स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रशासन अलर्ट, सचिवालय में बढ़ाई गई सुरक्षा
विवाद को देखते हुए पानीपत सचिवालय में प्रशासन भी अलर्ट मोड पर नजर आया। यहां पुलिस और जांच एजेंसियों की टीम तैनात की गई है और पूरे मामले की मॉनिटरिंग की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक अगर तय समय तक बादशाह आयोग के सामने पेश नहीं होते हैं तो आगे की कानूनी कार्रवाई और FIR दर्ज कराने जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं।
गाने के बोलों पर उठा विवाद
दरअसल ‘टटीरी’ गाने के कुछ बोलों को लेकर आरोप है कि उनमें महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इसी को लेकर Haryana State Commission for Women ने स्वतः संज्ञान लेते हुए गायक को नोटिस जारी किया था। महिला आयोग का कहना है कि मनोरंजन के नाम पर महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री स्वीकार नहीं की जा सकती और कलाकारों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।
Akhil Mahajan