NH-152 पर बड़ा हा*दसा,ईंटों से भरी ट्रॉली को बस ने मारी टक्कर, हेल्पर की मौ*त, 10 घायल
कुरुक्षेत्र के पिहोवा में NH-152 पर बस ने ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे में हेल्पर की मौत और ड्राइवर समेत 10 लोग घायल हुए।
NH-152 पर बस ने ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, हेल्पर की मौत
➤ हादसे में बस ड्राइवर समेत 10 लोग घायल, खेत में जा उतरी बेकाबू बस
➤ दो महीने पहले हुई थी अनुज की शादी, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की
कुरुक्षेत्र। जिले के पिहोवा में NH-152 पर शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। टीकरी गांव के पास अंबाला की तरफ से आ रही एक निजी बस ने ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई और उसमें लदी ईंटें हाईवे पर बिखर गईं। वहीं बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा उतरी।
हादसे में ट्रैक्टर पर हेल्पर का काम कर रहे 20 वर्षीय अनुज की मौत हो गई। ट्रैक्टर चला रहे 22 वर्षीय अजय को गंभीर चोटें आई हैं। बस में सवार करीब 8 से 10 यात्रियों को भी चोटें लगी हैं। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में उपचार के लिए पहुंचाया गया।
क्योड़क से ईंटें लेकर तलहेड़ी जा रहे थे
जानकारी के अनुसार, अजय और अनुज कैथल के क्योड़क गांव से ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंटें भरकर तलहेड़ी की ओर जा रहे थे। दोनों नेशनल हाईवे-152 से होते हुए टीकरी गांव के पास पहुंचे थे।
यहां से उन्हें सुरमी की तरफ जाना था। बताया गया कि अजय ने हाईवे से ट्रैक्टर को सुरमी की ओर मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान अंबाला की तरफ से आ रही पिहोवा-अंबाला रूट की निजी बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। ईंटें सड़क पर फैल गईं। वहीं बस भी बेकाबू होकर हाईवे से नीचे खेत में उतर गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में अजय बेसुध हो गया था। उसका इलाज LNJP अस्पताल में चल रहा है। बस ड्राइवर को भी चोटें आई हैं।
दो महीने पहले हुई थी अनुज की शादी
हादसे में जान गंवाने वाला अनुज मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले का रहने वाला था। फिलहाल वह कैथल के क्योड़क गांव में परिवार के साथ रह रहा था।
अनुज ईंट-भट्ठे पर काम करता था। फिलहाल काम बंद होने के कारण वह अजय के साथ ट्रैक्टर पर हेल्पर का काम कर रहा था।
परिवार के मुताबिक, अनुज की शादी करीब दो महीने पहले ही हुई थी। हादसे में उसकी मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया।
पुलिस ने शव कब्जे में लिया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने अनुज के शव को कब्जे में लेकर परिवार को सूचना दी। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
वहीं घायल अजय का LNJP अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने हादसे में घायल अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
pooja