जिम के अंदर युवक की हत्या, IAS भतीजे पर आरोप
बहादुरगढ़ में जिम के अंदर युवक कर्मजीत का शव मिला। लोहे की रॉड से हत्या की आशंका। IAS अधिकारी के भतीजे पर शक। पुलिस CCTV फुटेज खंगालकर जांच कर रही है।
➤बहादुरगढ़ में रॉड से हमला कर युवक की हत्या
➤IAS अधिकारी के भतीजे की जिम में मिला शव
➤पुलिस CCTV खंगाल कर आरोपियों की तलाश में
झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में सोमवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई जब लाइन पार स्थित शंकर गार्डन गली नंबर–2 में एक जिम के अंदर युवक का शव मिला। मृतक की पहचान जाखौदा गांव निवासी कर्मजीत के रूप में हुई, जो फाइनेंस का काम करता था। उसकी हत्या लोहे की रॉड से की गई है। वारदात की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
यह जिम आईएएस रूपराम जोवल के भतीजे सुनील जोवल के घर के ऊपरी हिस्से में चल रही थी। कर्मजीत का शव मिलने के बाद मामले में सुनील जोवल पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है।
घटना स्थल पर पहुंचे मृतक के भाई अरविंद ने शव देखते ही जोर-जोर से रोना शुरू कर दिया। परिजनों का रो–रोकर बुरा हाल है। परिजन लगातार आरोप लगा रहे हैं कि कर्मजीत की हत्या प्लानिंग के तहत की गई।
सूचना मिलते ही एसीपी प्रदीप, लाइन पार थाना प्रभारी परमजीत और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। टीम ने जिम के अंदर से खून के निशान, रॉड और अन्य साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात के समय कौन जिम में आया–गया, यह स्पष्ट हो सके।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच हत्या की ओर इशारा कर रही है और सभी कोणों से मामले की पड़ताल की जा रही है। जिम में मिले साक्ष्य कई सवाल खड़े कर रहे हैं कि वारदात कब और कैसे हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Author1