बार एसोसिएशन चुनाव रद्द, नया शेड्यूल जल्द होगा जारी BCI के दखल से बदला फैसला
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ की सभी बार एसोसिएशनों के चुनाव बार काउंसिल ऑफ इंडिया के निर्देश के बाद रद्द कर दिए गए हैं। नया चुनाव शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा।
■ पंजाब-हरियाणा व चंडीगढ़ की सभी बार एसोसिएशनों के चुनाव रद्द
■ बार काउंसिल ऑफ इंडिया के निर्देश के बाद वापस लिया शेड्यूल
■ नया चुनाव कार्यक्रम जल्द जारी होगा, फिलहाल प्रक्रिया पूरी तरह स्थगित
पंजाब, हरियाणा और यूटी चंडीगढ़ की सभी बार एसोसिएशनों के वार्षिक चुनावों को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा ने अचानक सभी चुनावों का मौजूदा शेड्यूल रद्द कर दिया है। यह निर्णय बार काउंसिल ऑफ इंडिया के हस्तक्षेप के बाद लिया गया है, जिसके चलते अब नया चुनाव कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा।
रिटर्निंग ऑफिसर जस्टिस जयश्री ठाकुर (रिटायर्ड) द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 5 अप्रैल 2026 को घोषित चुनाव शेड्यूल को पूरी तरह वापस लिया जाता है। फिलहाल किसी भी बार एसोसिएशन में चुनाव प्रक्रिया नहीं चलेगी।
दरअसल, बार काउंसिल ऑफ इंडिया को विभिन्न बार एसोसिएशनों से चुनाव प्रक्रिया को लेकर कई शिकायतें और आपत्तियां मिली थीं। इन शिकायतों में 5 अप्रैल को जारी सामान्य चुनाव शेड्यूल पर सवाल उठाए गए थे। इसी के आधार पर 9 अप्रैल 2026 को बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने पत्र जारी किया, जिसके बाद यह बड़ा निर्णय लिया गया।
गौरतलब है कि 4 अप्रैल को बार काउंसिल ऑफ इंडिया के पत्र के बाद ही 5 अप्रैल को एक संयुक्त चुनाव शेड्यूल जारी किया गया था। इस शेड्यूल के तहत पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के सभी बार एसोसिएशनों, टैक्स बार, ट्रिब्यूनल बार और कंज्यूमर फोरम बार एसोसिएशनों के चुनाव एक साथ कराए जाने थे। इसमें सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार महिला वकीलों के लिए 30% आरक्षण का प्रावधान भी शामिल था।
अब ताजा आदेश के बाद यह पूरा कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। बार काउंसिल ने कहा है कि नया चुनाव शेड्यूल उचित समय पर अलग से घोषित किया जाएगा। इस संबंध में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, सभी जिला बार एसोसिएशनों और अन्य संबंधित संगठनों को सूचना भेज दी गई है। साथ ही बार काउंसिल ऑफ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी गई है।
इस फैसले से वकीलों के बीच हलचल बढ़ गई है और अब सभी की नजरें नए चुनाव कार्यक्रम पर टिकी हैं।
shubham