हरियाणा में गुंडाराज! कोर्ट में दनादन चली गोलियां
भिवानी कोर्ट में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना हुई। दो से तीन हमलावरों ने चार गोलियाँ चलाईं, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल। सुरक्षा पर उठे सवाल, पुलिस जांच में जुटी।
➤ भिवानी कोर्ट में दिनदहाड़े चलीं गोलियाँ
➤ चार राउंड फायरिंग, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल
➤ अभी तक हमलावर और पीड़ित की पहचान नहीं
भिवानी कोर्ट परिसर में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी। बताया जा रहा है कि दो से तीन हमलावरों ने कोर्ट में दाखिल होकर अचानक चार राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान एक व्यक्ति को दो गोलियाँ लगीं और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
घायल को तुरंत नागरिक अस्पताल भिवानी में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। फिलहाल उसकी पहचान उजागर नहीं हो पाई है।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सुमित कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने कोर्ट परिसर को घेर लिया और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना बेहद खौफनाक थी। उन्होंने कहा कि "अगर कोर्ट जैसे सुरक्षित जगह पर दिनदहाड़े गोलीबारी हो सकती है, तो आम आदमी की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।"
कुछ गुस्साए लोगों ने कहा कि हरियाणा में गुंडाराज कायम हो गया है और ऐसे हालात में सरकार को गुंडों को देखते ही गोली मारने के आदेश जारी कर देने चाहिए।
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में पीड़ित और हमलावर दोनों की पहचान गुप्त रखी है। मामले की जांच जारी है।
Akhil Mahajan