भिवानी पुलिस का "सेवा पखवाड़ा" अभियान जारी, पुलिस अधीक्षक ने राजीव गांधी महिला कॉलेज में दी यातायात नियमों की शिक्षा
भिवानी पुलिस का विशेष "सेवा पखवाड़ा" अभियान जारी है। राजीव गांधी महिला कॉलेज में छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। सड़क दुर्घटना में घायल को अस्पताल पहुंचाने वालों को सरकार 5 हजार रुपए का इनाम देती है।
➤ भिवानी पुलिस का विशेष "सेवा पखवाड़ा" अभियान जारी
➤ राजीव गांधी महिला कॉलेज में छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी गई
➤ घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की अपील, सरकार देती है 5 हजार का इनाम
भिवानी पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में विशेष "सेवा पखवाड़ा" अभियान निरंतर जारी है। इसके तहत पुलिस सामाजिक और जनहितैषी गतिविधियां चला रही है। इसी कड़ी में यातायात पुलिस ने राजीव गांधी महिला कॉलेज भिवानी में छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
प्रबंधक थाना यातायात निरीक्षक सुरेश कुमार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि सड़क दुर्घटनाएं अधिकतर लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी से होती हैं। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सावधानी जीवन बचा सकती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अक्सर सड़क पर दुर्घटना होने पर लोग वीडियो बनाने लगते हैं, जबकि जरूरत घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की होती है।
निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को सरकार की ओर से 5 हजार रुपए का पुरस्कार भी दिया जाता है। उन्होंने सभी से प्रतिज्ञा करने की अपील की कि वे न केवल स्वयं यातायात नियमों का पालन करेंगे बल्कि सड़क हादसों में घायलों की तुरंत मदद भी करेंगे।
उन्होंने चालकों को संदेश देते हुए कहा कि वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण, आगे वाली गाड़ी से पर्याप्त दूरी, वाहन पर रिफ्लेक्टर टेप और सतर्कता अनिवार्य है। यही आदतें सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करती हैं और दुर्घटनाओं को रोकने में मदद करती हैं।