भिवानी में दो कारों की आमने-सामने टक्कर, काम से लौट रहे युवक की मौ*त
भिवानी के धनाना गांव में दो कारों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। परिजनों ने दूसरे चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
- भिवानी के धनाना गांव में दो कारों की आमने-सामने टक्कर में युवक की मौत
- काम से घर लौट रहे नीरज ने अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
- परिजनों ने दूसरे कार चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया
हरियाणा के भिवानी जिले के धनाना गांव में दो कारों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने दूसरे कार चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के पिता राजेश, निवासी धनाना-3, ने मुंढाल पुलिस चौकी में दी शिकायत में बताया कि उनके दो बच्चे हैं। बेटा नीरज शादीशुदा था और भिवानी में काम करता था।
शिकायत के अनुसार नीरज अपनी कार से काम खत्म कर भिवानी से गांव धनाना लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के बस अड्डे के पास पहुंचा, सामने से आ रही एक कार के चालक ने कथित रूप से तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी कार को सीधी टक्कर मार दी।
हादसा इतना जोरदार था कि नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल को इलाज के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। हालांकि उपचार के दौरान नीरज की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार ने आरोपी कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को शिकायत दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों और आरोपी चालक की पहचान को लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
pooja